Wedding Dispute Dowry Case: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में दहेज की मांग ने एक बार फिर मानवता और कानून दोनों को शर्मसार कर दिया. चंदेरा थाना क्षेत्र के बिजरोठा गांव में दहेज में मनपसंद बाइक नहीं मिलने पर दूल्हा पूरी बारात लेकर लौट गया और दुल्हन को मंडप में रोता छोड़ गया. यह घटना न सिर्फ एक बेटी के सपनों के टूटने की कहानी है, बल्कि उस सामाजिक कुरीति की भी गवाह है, जो आज भी बेटियों के सम्मान को दांव पर लगा देती है. पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई न होने का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस का कहना है कि कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. इस घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और शोक का माहौल है. NDTV के लिए सूर्यप्रकाश गोस्वामी की रिपोर्ट.
बिजरोठा गांव में दहेज के कारण टूटी शादी
चंदेरा थाना क्षेत्र के बिजरोठा गांव निवासी सहादत खान की बेटी सनाबानो का विवाह बाबरी, टीकमगढ़ निवासी सरताज से तय हुआ था. परिवार के अनुसार, विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और तय कार्यक्रम के अनुसार बारात लड़की के घर पहुंची. शुरुआत में सभी रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं और माहौल खुशियों भरा था.
Crime News: दहेज को लेकर शादी में विवाद
ऐन मौके पर बढ़ी दहेज की मांग
सनाबानो के पिता का कहना है कि उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार और पहले से तय मांग के तहत दो लाख रुपये नकद और एक अपाचे मोटरसाइकिल सहित अन्य घरेलू सामान दिया था. लेकिन विवाह की रस्मों के दौरान दूल्हे और उसके परिजनों ने दहेज की अतिरिक्त मांग रख दी. आरोप है कि दूल्हे ने अपाचे बाइक लेने से इनकार करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये और मांग लिए.
Dowry Case: दहेज का सामान
दुल्हन को मंडप में छोड़ भागी बारात
लड़की पक्ष द्वारा अतिरिक्त मांग पूरी न कर पाने पर दूल्हा सरताज नाराज हो गया और पूरे विवाह से इंकार कर दिया. इसके बाद वह पूरी बारात लेकर वापस लौट गया. दुल्हन सनाबानो मंडप में बैठी आंसू बहाती रह गई. इस घटना से न सिर्फ दुल्हन, बल्कि पूरे परिवार पर गहरा मानसिक आघात लगा.
Dowry Case: दहेज के सामान के साथ बाइक
पुलिस पर सुनवाई न करने के आरोप
घटना के बाद पीड़ित परिवार दुल्हन समेत चंदेरा थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की. परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी और तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की. इससे परिवार खुद को बेहद असहाय महसूस कर रहा है.
थाना प्रभारी का पक्ष
इस मामले में चंदेरा थाना प्रभारी ने फोन पर बताया कि यह दहेज का मामला नहीं, बल्कि दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद है. उनके अनुसार लड़की पक्ष ने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है, इसलिए प्रकरण दर्ज नहीं किया गया. थाना प्रभारी कैमरे के सामने बयान देने से भी बचते नजर आए.
न्याय की आस में पीड़ित परिवार
पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते दहेज जैसी कुरीति पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे मामले बढ़ते ही जाएंगे और बेटियों का भविष्य यूं ही दहेज की भेंट चढ़ता रहेगा.
यह भी पढ़ें : नर्मदापुरम: दहेज में 3 लाख और बाइक की मांग पर टूटी शादी, दूल्हे और पिता पर FIR
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त 13 मई को; गोटेगांव से CM मोहन ट्रांसफर करेंगे ₹1500-1500
यह भी पढ़ें : हनीमून मर्डर केस: सोनम को 'बेल' या 'जेल'; आज मेघालय हाईकोर्ट में राजा रघुवंशी हत्याकांड पर अहम सुनवाई
यह भी पढ़ें : भिंड में दर्दनाक सड़क हादसा: दंदरौआ धाम से पहले पिकअप पलटा, पिता‑पुत्र समेत 3 की मौत, 2 गंभीर














