एक साथ 42 दूल्हों से ठगी! शादी के लिए बुलाया, लेकिन नहीं पहुंची दुल्हनें; 10.5 लाख रुपये आयोजक गायब

देवास में सामूहिक विवाह के नाम पर 42 दूल्हों और उनके परिवारों से 10.5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. शादी के लिए बुलाए गए लोग जब पहुंचे तो न दुल्हनें थीं और न आयोजक. पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

MP Mass Wedding Fraud: एमपी के देवास में शादी का सपना दिखाकर 42 दूल्हों और उनके परिवारों के साथ ऐसा खेल हुआ, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. सामूहिक विवाह के नाम पर लोगों से लाखों रुपये वसूल किए गए, लेकिन जब शादी का दिन आया तो न दुल्हनें थीं और न ही कोई आयोजक. परिवार दूर-दूर से उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें ठगी का शिकार होने का एहसास हुआ.

यह मामला देवास जिले का है, जहां शमशाबाद के एक दंपति पर आरोप लगा है कि उन्होंने शादी कराने के नाम पर 42 से ज्यादा परिवारों से पैसे वसूले. हर परिवार से करीब 25-25 हजार रुपये जमा कराए गए. इस तरह कुल मिलाकर करीब 10.5 लाख रुपये की ठगी की गई.

ऐसे रचा गया पूरा प्लान

आरोपियों ने एक परिचित के जरिए उन परिवारों से संपर्क किया, जिनके घरों में युवकों की शादी नहीं हो पा रही थी. उन्हें भरोसा दिलाया गया कि 25 मई को देवास में सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन होगा. परिवारों को 24 मई को पहले माता टेकरी दर्शन कराने और फिर राधागंज स्थित क्लब मैदान में ठहराने की बात कही गई. भरोसे में आकर सभी ने रकम जमा कर दी.

निर्धारित तारीख पर अलग-अलग जिलों से युवक और उनके परिजन देवास के राधागंज स्थित क्लब मैदान पहुंचे. लेकिन वहां पहुंचकर सब हैरान रह गए. न तो कोई शादी का कार्यक्रम था और न ही आयोजकों का कोई पता. घंटों इंतजार के बाद जब किसी का पता नहीं चला, तब लोगों को समझ आया कि उनके साथ ठगी हो गई है.

Advertisement

गुस्साए परिवारों ने किया हंगामा

ठगी का एहसास होते ही मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई. उन्होंने मौके पर मौजूद दिनेशदास बैरागी के भाई से जवाब-तलब शुरू कर दिया. कई परिवारों ने आरोप लगाया कि उन्हें झूठे वादों में फंसाकर पैसे ले लिए गए. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई. बीएनपी थाना पुलिस के अनुसार, जिन लोगों ने पैसे लिए थे, वे मौके से गायब हैं. फिलहाल उनके एक परिचित से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.

मुख्य आरोपी हिरासत में

देवास के एडिशनल एसपी जयवीर भदोरिया के मुताबिक, फरियादी अभिषेक से चर्चा के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. इस घटना ने उन परिवारों को गहरा झटका दिया है, जो अपने बच्चों की शादी के सपने लेकर देवास पहुंचे थे.  

Advertisement
Featured Video Of The Day
NEP से कैसे बदल गई शिक्षा प्रणाली? NCERT Director ने बताई अहम बातें