West Bengal Assembly Election Compaign in Chhattisgarh: पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा छत्तीसगढ़ के बंगालियों को भी साधने में जुट गई है. दरअसल, बताया जा रहा है कि वोटिंग के लिए 7000 से अधिक प्रवासी छत्तीसगढ़ से बंगाल जाएंगे. लिहाजा, पश्चिम बंगाल चुनाव में जीत के लिए छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी (BJP) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में बंगाली समाज के लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट दिलवाने के लिए भाजपा के नेता पूरी ताकत लगा रहे हैं.
पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी इस बार हर हाल में जीत हासिल करना चाहती है. इसके लिए छत्तीसगढ़ के नेता भी पूरी ताकत झोंक दिए हैं. इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में रहने वाले बंगाली समाज के लोगों को भाजपा के पक्ष में एकजुट करने के लिए बड़े नेता उनसे मुलाकात कर रहे हैं और अपनी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बंगाली समाज के लोगों के साथ डिनर पार्टी की, तो उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनके बीच जाकर बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की.
शर्मा ने किया जीत का दावा
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा नेता व छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में इस बार पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में माहौल है. हम छत्तीसगढ़ में रहने वाले बंगाली समाज के लोगों से भी मिल रहे हैं और उन्हें भी भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं.
इसलिए छत्तीसगढ़ में हो रही है माथापच्ची
दरअसल, छत्तीसगढ़ में करीब 7000 प्रवासी पश्चिम बंगाल से यहां रोजगार के तलाश में आते हैं. लिहाजा, इन प्रवासियों से संपर्क कर उन्हें बंगाल में वोटिंग के लिए भेजा जा रहा है और वहां रहने वाले उनके साथियों को भी भाजपा की नीतियां समझने और भाजपा के पक्ष में वोट डालने के लिए कहने की सीख दी जा रही है. उसने कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ की योजनाओं को बंगाली समाज द्वारा सोशल मीडिया पर प्रचारित प्रसारित कराकर वहां लोगों को बीजेपी के पक्ष में मैसेज देने की कोशिश की जा रही है.
90% प्रवासी बंगालियों के संपर्क में होने का दावा
वहीं, छत्तीसगढ़ भाजपा प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में सोनार, किराया भंडार, केबल फूल से जुड़े कारोबार से जुड़े बहुत से पश्चिम बंगाल के साथी हैं. हमारी कोशिश है कि हम सभी को वोटिंग के लिए वहां भेज सकें और भाजपा की नीतियों के बारे में समझा सकें. हम उनके माध्यम से उनके गांव और रिश्तेदारों तक भी भाजपा की नीतियों को पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.
कांग्रेस ने बताया हार का डर
बीजेपी छत्तीसगढ़ में रह रहे बंगाली समाज के लोगों को साधकर पश्चिम बंगाल चुनाव में जीत सुनिश्चित करने की राह देख रही है, लेकिन कांग्रेस इससे इत्तेफाक नहीं रखती. छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला का मानना है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है. इसलिए दबाव बनाकर वे लोगों को साधने की कोशिश करना हैं. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा चाहे कुछ भी कर ले, उसकी हार निश्चित है.
यह भी पढ़ें- बागेश्वर धाम पहुंचे पूर्व CJI; बीआर गवई ने परिवार के साथ किया बालाजी दर्शन, धीरेंद्र शास्त्री से भी की मुलाकात
छत्तीसगढ़ में रह रहे बंगाली समाज के लोगों के दम पर पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी कितना लाभ ले सकेगी यह भविष्य में ही पता चलेगा, लेकिन पश्चिम बंगाल फतह करने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत जरूर झोंक दी है.














