MP में BJP विधायक एक महीने से गायब,परिवार घर में बंद: कथित 'मूसा गैंग' का खौफ है या फिर सियासी चाल?

Pradeep Patel MLA Missing: मऊगंज के बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल एक महीने से गायब हैं. परिवार का दावा है कि मूसा गैंग से जान का खतरा है, जबकि पुलिस गैंग की बात को खारिज कर रही है. क्या है इस रहस्यमयी गायब होने के पीछे की कहानी?

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • मऊगंज से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल एक महीने से सार्वजनिक रूप से गायब हैं और उनका परिवार घर में कैद है
  • विधायक के परिवार ने मूसा गैंग के गंभीर खतरे का हवाला देते हुए घर से बाहर निकलने और दरवाजा खोलने से मना किया है
  • विधायक के मऊगंज और रीवा स्थित आवास बंद हैं तथा उनके कार्यालय में भी कोई मौजूद नहीं है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Missing BJP MLA MP:मध्य प्रदेश के मऊगंज में इन दिनों एक अजीब सा सन्नाटा और डर पसरा हुआ है. डर इस बात का कि क्षेत्र के रसूखदार बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल पिछले एक महीने से सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं. न तो वे किसी सरकारी कार्यक्रम में दिख रहे हैं, न अपने विधानसभा क्षेत्र में और न ही फोन पर उपलब्ध हैं. इस रहस्यमयी खामोशी के बीच विधायक का एक वीडियो सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया है. वीडियो में विधायक अपने परिवार को सख्त हिदायत दे रहे हैं कि घर से बाहर मत निकलना, दरवाजा मत खोलना और जो भी सामान चाहिए उसे ऑनलाइन मंगाना. उनका दावा है कि उनकी जान को गंभीर खतरा है.NDTV की टीम ने इस मुद्दे पर पड़ताल की तो  “गायब विधायक” की कहानी और भी रहस्यमयी हो गई. 

 भोपाल के विधायक विश्रामगृह में 'कैद' है परिवार

विधायक प्रदीप पटेल को तलाशते हुए NDTV की टीम भोपाल स्थित विधायक विश्रामगृह (MLA Rest House) पहुंची. रिसेप्शन से रास्ता पूछकर जब टीम उनके फ्लैट के बाहर पहुंची, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था. दरवाजा अंदर से बंद था और विधायक के परिवार ने भारी सुरक्षात्मक रुख अपना रखा था. काफी कोशिशों के बाद विधायक का बेटा बाहर आया, जिसने पुष्टि की कि परिवार 'सीरियस थ्रेट' यानी गंभीर खतरे में है. उसने 'मूसा गैंग' का जिक्र किया, जिसका खौफ परिवार के चेहरे पर साफ दिख रहा था. परिवार का दावा है कि डर इतना ज्यादा है कि एक महीने से घर का कोई सदस्य बाहर नहीं निकला है.

रीवा से मऊगंज तक ताले और सन्नाटा

सिर्फ भोपाल ही नहीं, विधायक के गृह क्षेत्र में भी स्थिति वैसी ही है. NDTV के संवाददाता जब मऊगंज और रीवा में विधायक के घर और दफ्तर पहुंचे, तो वहां भी सन्नाटा मिला. रीवा के मकान में ताला लटका है, मऊगंज का आवास बंद है और उनके ऑफिस में भी कोई मौजूद नहीं है. उनके नाती अर्जुन पटेल ने बताया कि करीब एक महीने से घर के लोग कैद जैसे माहौल में रह रहे हैं. अर्जुन के मुताबिक, विधायक ने किसी 'मूसा गैंग' के खतरे का जिक्र किया था और बताया था कि कैसे थाना प्रभारी के चैंबर में गैंग के दर्जनों लोग घुस आए थे. स्थानीय निवासी अनिल मिश्रा का भी कहना है कि विधायक जी पिछले 30-40 दिनों से क्षेत्र में नहीं हैं और जनता अपने जनप्रतिनिधि को ढूंढ रही है.

विवादित जमीन, धरना और फिर अचानक गायब होना

इस पूरी कहानी की शुरुआत 3-4 जनवरी की रात से होती है. मऊगंज बाईपास के पास एक विवादित जमीन को लेकर विधायक प्रदीप पटेल एक स्थानीय निवासी विनोद मिश्रा के समर्थन में धरने पर बैठ गए थे. वहां दूसरे पक्ष के लल्लू पांडे और उनकी भीड़ पहुंची, जिसके बाद माहौल काफी गरमा गया. पुलिस ने विधायक को सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया, लेकिन उसी रात के बाद से विधायक की सार्वजनिक मौजूदगी खत्म हो गई. हालांकि पुलिस ने 150 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया, लेकिन विधायक ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी और फिर अचानक ओझल हो गए. अब क्षेत्र में चर्चा है कि 'मूसा गैंग' के डर की वजह से विधायक ने यह कदम उठाया है.

Missing MLA Pradeep Patel: विधायक पटेल का परिवार घर में कैद है और विधायक के मउगंज और रीवा के मकान पर भी कोई नहीं है.

क्या वाकई में कोई 'मूसा गैंग' है?

सबसे बड़ा सवाल 'मूसा गैंग' के अस्तित्व को लेकर है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 29 जनवरी 2025 को तत्कालीन टीआई सनत ने रोजनामचे में लिखा था कि विपिन त्रिपाठी, आशुतोष तिवारी और लालू पांडेय समेत 50 लोग उनके चैंबर में घुस आए थे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. उन्होंने लिखा था कि ये लोग 'मूसा गैंग' के हैं और वे उनकी हत्या करवा सकते हैं. हालांकि,वर्तमान एसपी दिलीप सोनी इस बात को पूरी तरह खारिज करते हैं. एसपी सोनी का कहना है कि इस तरह का कोई गैंग अस्तित्व में ही नहीं है.उन्होंने बताया कि तत्कालीन थाना प्रभारी ने बहुत गैर-जिम्मेदाराना तरीके से रोजनामचे में यह बात लिखी थी, जिसकी वजह से उन्हें हटाया भी गया था.

Advertisement

नेताओं के अलग-अलग दावे और विपक्ष के सवाल

विधायक के गायब होने पर बीजेपी के अंदर से ही अलग-अलग सुर निकल रहे हैं. रीवा के बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा का कहना है कि हर व्यक्ति का निजी जीवन होता है और विधायक जी फिलहाल अवकाश (छुट्टी) पर हैं. वहीं, राज्यमंत्री राधा सिंह का दावा है कि विधायक जी शायद तीर्थ यात्रा पर गए होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि अगर वाकई में कोई खतरा होता तो सरकार अब तक घेराबंदी कर देती और मुख्यमंत्री मोहन यादव को इसकी पूरी जानकारी होगी. दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इस मुद्दे को लेकर सरकार और कानून-व्यवस्था पर हमलावर हैं.

Missing MLA Pradeep Patel: विधायक विश्राम गृह में भी परिवार किसी से मिलता नहीं है. जरुरत का समान भी ऑनलाइन ही मंगाया जाता है.

Advertisement

व्यवस्था पर खड़े होते बड़े सवाल

आज सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि वाकई एक 'गैंग' के डर से गायब है,या फिर इस पूरी पटकथा के पीछे कोई बड़ी सियासी चाल है? अगर पुलिस कह रही है कि कोई गैंग नहीं है, तो फिर विधायक का परिवार घर में क्यों कैद है? और अगर वाकई जान का खतरा है, तो सरकार और प्रशासन ने अब तक विधायक को सुरक्षा का भरोसा दिलाकर उन्हें सामने क्यों नहीं लाया? विधायक प्रदीप पटेल जब तक खुद सामने आकर इस 'रहस्य' से पर्दा नहीं उठाते,तब तक मऊगंज की जनता और प्रशासन दोनों ही इस उलझन में रहेंगे.
ये भी पढ़ें: एमपी कांग्रेस में नए-पुराने नेताओं में समन्वयक की कमी? राहुल भैया बोले- इसका जवाब तो जीतू पटवारी ही देंगे 

Featured Video Of The Day
Ajit Pawar Plane Crash: Pilot पर सवाल और क्रैश पर भतीजे Rohit ने लगाए कई आरोप | Baramati Plane Crash