बोरिंग के बदले दारू, मुर्गा और 20 हजार की मांग! भाजपा नेत्री ने अपनी ही पार्टी की पार्षद पर लगाए आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भाजपा के भीतर घमासान मच गया है. भाजपा नेत्री डिंकी कौर ने अपनी ही पार्टी की पार्षद पर बोरिंग के बदले शराब, मुर्गा और 20 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है. आरोपों से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

BJP Leader Corruption Allegation: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से भाजपा के अंदरूनी विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बाकिमोंगरा क्षेत्र में एक भाजपा नेत्री ने अपनी ही पार्टी की पार्षद पर बोरिंग के बदले शराब, मुर्गा और 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है. यह मामला सामने आते ही सियासी हलकों में हलचल मच गई है. आरोपों से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अब सबकी नजरें जांच पर टिकी हैं.

कोरबा से नानक सिंह राजपूत की रिपोर्ट...

वार्ड 14 का मामला, वीडियो वायरल

यह पूरा मामला कटाईनार वार्ड क्रमांक 14 का बताया जा रहा है. समाजसेविका और भाजपा नेत्री डिंकी कौर ने एक वीडियो जारी कर खुलकर आरोप लगाए हैं. वीडियो में उन्होंने कहा है कि वार्ड में बोरिंग के लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद काम नहीं किया गया और उनसे अवैध मांगें रखी गईं.

डिंकी कौर का आरोप: मांग पूरी नहीं हुई तो काम रोका

डिंकी कौर का कहना है कि भाजपा पार्षद रम्भा कंवर ने बोरिंग कराने के बदले शराब, मुर्गा और 20 हजार रुपये की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि जब ये मांगें पूरी नहीं हुईं, तो बोरिंग का काम ही रोक दिया गया. उनका दावा है कि इलाके में पानी की भारी जरूरत है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को परेशान किया जा रहा है.

जरूरत वाली जगह छोड़ दूसरी जगह कराया काम

डिंकी कौर ने यह भी आरोप लगाया कि जिस स्थान पर बोरिंग की सबसे ज्यादा जरूरत थी, वहां काम नहीं कराया गया. इसके बजाय दूसरी जगह बोरिंग करवाकर सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया गया. उन्होंने इसे जनता के साथ सीधा धोखा बताया.

Advertisement

पार्षद रम्भा कंवर ने आरोपों को बताया झूठा

दूसरी ओर, भाजपा पार्षद रम्भा कंवर ने इन सभी आरोपों को सिरे से गलत बताया है. उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की कोई अवैध मांग नहीं की है.

राजनीति गरमाई, जांच का इंतजार

मामला सार्वजनिक होने के बाद भाजपा के अंदर भी खलबली मच गई है. यह विवाद अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. फिलहाल प्रशासन और पार्टी संगठन की ओर से किसी औपचारिक जांच की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो और आरोपों के चलते जांच की मांग जोर पकड़ रही है. अब देखना होगा कि जांच में सच्चाई क्या सामने आती है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Bengal Elections 2026: बंगाल चुनाव का 'गेमचेंजर' खेल? |Exit Poll Results | Mamata Banerjee | TMC