एमपी में ‘कैद’ किया सुलभ शौचालय! नगर निगम और रेलवे की खींचतान की मिली सजा, जानें पूरा मामला

भोपाल में नगर निगम और रेलवे की खींचतान में सुलभ शौचालय ‘कैद’ हो गया है. ऐशबाग के 90 डिग्री पुल के पास रेलवे की जमीन पर बने इस शौचालय के चारों ओर रेलवे ने बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी, जिससे उसका उपयोग असंभव हो गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhopal Sulabh Toilet Controversy: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर अपने अजीबोगरीब इंतजामों को लेकर चर्चा में है. पहले ऐशबाग का 90 डिग्री पुल शहर में इंजीनियरिंग का मजाक बन चुका है और अब उसी इलाके के पास एक और मामला सामने आया है. यहां नगर निगम और रेलवे के आपसी विवाद में सुलभ शौचालय को ही ‘कैद' कर दिया गया. हालत यह है कि शौचालय बन तो गया, लेकिन अब उसका इस्तेमाल कोई नहीं कर सकता.

रेलवे की जमीन पर बना दिया सुलभ शौचालय

दरअसल, भोपाल के ऐशबाग इलाके में 90 डिग्री पुल के पास रेलवे की जमीन पर नगर निगम ने सुलभ शौचालय का निर्माण कर दिया. बताया जा रहा है कि यह शौचालय स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बनाया जा रहा था. हालांकि शुरुआत से ही क्षेत्रीय निवासियों ने इसकी जानकारी देते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी कि यह जमीन रेलवे की है और यहां निर्माण नहीं किया जाना चाहिए.

निवासियों की आपत्ति को किया नजरअंदाज

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को पहले ही आगाह कर दिया था. इसके बावजूद अधिकारियों ने किसी की बात नहीं सुनी और रेलवे की जमीन पर सुलभ शौचालय का निर्माण जारी रखा. लोगों का आरोप है कि जमीन की जांच-पड़ताल किए बिना ही निर्माण शुरू कर दिया गया.

रेलवे ने खड़ी कर दी बाउंड्री वॉल

सुलभ शौचालय लगभग बनकर तैयार ही था कि तभी रेलवे ने अपनी जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कर दिया. बाउंड्री वॉल बनने के बाद पूरा शौचालय उसके अंदर आ गया. अब हालात यह हैं कि आम लोग शौचालय तक पहुंच ही नहीं सकते.

Advertisement

क्षेत्रीय लोगों और पार्षदों में नाराजगी

स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब इस शौचालय तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है. लोगों ने तंज कसते हुए सवाल उठाया है कि क्या नगर निगम अब शौचालय तक जाने के लिए फ्लाईओवर बनाएगा या फिर अंडरपास खोदेगा. क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तरफ शहर में बुनियादी सुविधाओं की कमी की बात होती है, वहीं दूसरी तरफ बिना योजना के किए गए निर्माण ऐसे ही बेकार होते नजर आ रहे हैं. भोपाल में यह सुलभ शौचालय अब सुविधा नहीं, बल्कि लापरवाही की मिसाल बन गया है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
West Bengal Elections 2026: RG KAR पीड़िता की मां ने पानीहाटी में TMC का ढहाया किला, दिया ये बयान!