- जबलपुर के बरगी डैम क्रूज हादसे में 30 अप्रैल को 13 लोगों की मौत हुई और नियमों की अनदेखी सामने आई
- 10 अप्रैल को क्रूज पर जिला पंचायत की बैठक हुई जिसमें अधिकारी बिना लाइफ जैकेट के मौजूद थे
- जिला पंचायत सीईओ, जल निगम मैनेजर, सहायक संचालक और अन्य सदस्य शामिल थे जो बिना सुरक्षा उपकरण के डेक पर खड़े थे
Bargi Dam Cruise Accident Jabalpur: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी डैम में 30 अप्रैल को हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई. जांच के दौरान जो वीडियो सामने आए, उनमें नियमों की भारी अनदेखी साफ दिखाई दी थी. क्रूज पर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था और किसी भी पर्यटक ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी. अब इस हादसे के बाद एक नया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हादसे से पहले का वायरल VIDEO
30 अप्रैल के हादसे के बाद अब 10 अप्रैल का एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में जिले के कई बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि उसी क्रूज पर बैठक करते नजर आ रहे हैं, जिस पर बाद में हादसा हुआ. चौंकाने वाली बात यह है कि इस बैठक के दौरान भी सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं. वीडियो में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक क्रूज के भीतर और डेक पर चलती दिख रही है, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी है.
viral video officials meeting without life jacket
कौन-कौन था बैठक में शामिल?
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को हुई इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ के साथ जल निगम मैनेजर पलक जैन, सहायक संचालक (मत्स्य) राज तिलक धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गौंटिया और अन्य जिला पंचायत सदस्य शामिल थे. वायरल वीडियो में पूरी टीम क्रूज के डेक पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के खड़ी नजर आ रही है. यह वीडियो इस बात का प्रमाण है कि नियम तोड़ने का सिलसिला काफी पहले से चल रहा था.
जिम्मेदार ही बेपरवाह तो आम जनता का क्या?
वीडियो सामने आने के बाद अब यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि जब नियम बनाने और उनका पालन कराने वाले अधिकारी ही सुरक्षा की परवाह नहीं कर रहे, तो आम पर्यटकों और क्रूज संचालकों से नियमों के पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है? 30 अप्रैल के हादसे के वक्त जब आंधी-तूफान के बीच क्रूज में पानी भरने लगा, तब अफरा-तफरी में लोगों को लाइफ जैकेट पहनाने की कोशिश की गई थी. अगर अधिकारी पहले से ही लाइफ जैकेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करते, तो शायद 13 परिवारों की खुशियां नहीं उजड़तीं.
पूर्व विधायक ने की कार्रवाई की मांग
बरगी के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता संजय यादव ने इस वीडियो के आधार पर जिला पंचायत प्रशासन को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा कि क्रूज पर हुई इस बैठक में सुरक्षा मानकों की अनदेखी स्पष्ट है. यादव ने इस लापरवाही के लिए जिला पंचायत सीईओ को पद से हटाने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब अधिकारी खुद बिना लाइफ जैकेट के जल विहार का आनंद ले रहे थे, तो उन्होंने व्यवस्थाओं को सुधारने की कभी कोशिश ही नहीं की. फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है और लोग प्रशासन की इस संवेदनहीनता पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें - मां के सीने से लिपटा मिला 4 साल के बच्चे का शव, जबलपुर क्रूज हादसे की ये कहानी कलेजा चीर देगी
यह भी पढ़ें - आर्मी ने रातों-रात बना दी थी 'सड़क'... जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसे के रेस्क्यू ऑपरेशन की इनसाइड स्टोरी













