योग करने वालों के लिए सिर्फ आसन और प्राणायाम ही जरूरी नहीं होते, बल्कि उनका खान-पान भी उतना ही अहम होता है. अगर आप योग साधक हैं, तो आपको इस बात का खास ध्यान रखना चाहिए कि आप क्या खा रहे हैं और क्या नहीं. सही डाइट से न सिर्फ शरीर हल्का और ऊर्जावान रहता है, बल्कि मन भी शांत और एकाग्र बना रहता है.
योग साधकों के लिए सबसे अच्छा माना जाता है सात्विक भोजन, यानी ऐसा खाना जो हल्का, शुद्ध और आसानी से पचने वाला हो, जैसे गेहूं, चावल, जौ, मूंग दाल और साठी चावल. ये सभी चीजें शरीर को ऊर्जा देती हैं. इसके अलावा दूध, घी, मक्खन, शहद और मिश्री जैसे मीठे और पौष्टिक पदार्थ भी योग साधकों के लिए अच्छे माने जाते हैं. ये शरीर को ताकत देते हैं और साधना में मदद करते हैं.
फल और हरी सब्जियां भी बहुत जरूरी हैं. परवल, बथुआ, अमरनाथ (चौलाई), जीवंटी और पुनर्नवा जैसी सब्जियां शरीर को जरूरी पोषक तत्व देती हैं और पाचन को दुरुस्त रखती हैं. ताजे फल खाने से शरीर में पानी और ऊर्जा बनी रहती है. जहां तक हो सके, शुद्ध और साफ पानी पीना चाहिए. पुराने समय में तो वर्षा का शुद्ध जल भी बहुत उत्तम माना जाता था.
ये भी पढ़ें: अपनी सेहत के हिसाब से जानें कि कौन से पानी से नहाना है आपके लिए बेहतर
अब बात करते हैं उन चीजों की, जिनसे योग साधकों को परहेज करना चाहिए. सबसे पहले तो बहुत ज्यादा तीखा, खट्टा, नमकीन और कड़वा खाना कम करना चाहिए. ज्यादा मसालेदार और गर्म तासीर वाला खाना शरीर में असंतुलन पैदा कर सकता है, जिससे मन भी अशांत हो सकता है. इसके अलावा ज्यादा तेल में बना खाना, सरसों और तिल का अत्यधिक इस्तेमाल भी सही नहीं माना जाता.
योग करने वालों को मांसाहार, शराब जैसी चीजों से भी दूर रहना चाहिए. मछली, बकरे का मांस और शराब शरीर को भारी बनाते हैं और साधना में बाधा डाल सकते हैं. इसके अलावा लहसुन, हींग, ज्यादा खट्टी चीजें, दही, छाछ और कुल्थी जैसी चीजों का सेवन भी सीमित करना चाहिए, क्योंकि ये पाचन और मन की स्थिरता पर असर डाल सकती हैं.
Gurudev Sri Sri Ravi Shankar on NDTV: Stress, Anxiety, से लेकर Relationship, Spirituality तक हर बात