सर्दियों का मौसम आने वाला है और ठंड शुरू होने से पहले ही लोगों ने गर्म कपड़े बाहर निकालने शुरू कर दिए हैं. ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े तो मदद करते हैं, लेकिन ऊनी कपड़ों को संभाल कर रखना मुश्किल हो जाता है. उन्हें बार-बार धो भी नहीं सकते. ऐसा कहा जाता है कि ऊनी कपड़ों को बार-बार धोया तो वे खराब हो सकते हैं. ऐसे में ऊनी कपड़ों को लंबे समय तक नया और मुलायम बनाए रखने के लिए उनकी सही तरीके से धुलाई करना बहुत जरूरी है. चलिए आपको बताते हैं ऊनी कपड़ों को हाथ से और वॉशिंग मशीन में कैसे धोएं.
ऊनी कपड़ों को कैसे धोएं?
ऊनी कपड़ों पर केयर लेबल लगा होता है. इस लेबल पर कपड़े में इस्तेमाल किए गए फाइबर की जानकारी और उसे साफ करने का सही तरीका लिखा होता है. ऊनी कपड़ों पर आमतौर पर केवल हाथ से धोएं, मशीन में धोएं या सिर्फ ड्राई क्लीन करें जैसी जानकारी दी होती है. ऐसे में कपड़े के लेबल के हिसाब से अपने ऊनी कपड़ों को धोएं.
ऊनी कपड़ों को धोते समय क्या करें?
जब आप अपने ऊनी कपड़े धोने जा रहे हो तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि ऊनी कपड़ों को बार-बार धोने से उनके रेशे प्रभावित हो सकते हैं. ऊनी कपड़ों को पहनने के बाद धूप और तेज गर्मी से दूर हवा में सूखने दें. इससे उनकी बदबू दूर होगी और कपड़े अपनी नेचुरल बनावट बनाए रखेंगे. अगर, कपड़ों पर कोई दाग लग जाए, तो उसे तुरंत साफ करने की कोशिश करें. इसके लिए ऊन के लिए बने हल्के डिटर्जेंट और ठंडे पानी से गीले कपड़े की मदद से दाग को धीरे-धीरे साफ करें. ऊनी कपड़ों को धोने के बीच का समय बढ़ाने के लिए इनके अंदर कॉटन की टी-शर्ट या शर्ट पहनें. इससे पसीना और शरीर का तेल अंदर वाले कपड़े में सोख लिया जाएगा और ऊनी कपड़ा ज्यादा समय तक साफ रहेगा.
वॉशिंग मशीन में ऊनी कपड़े कैसे धोएं?
ऊनी कपड़े वॉशिंग मशीन में धोने के लिए सही वॉश सेटिंग और डिटर्जेंट चुनें. ऊनी कपड़ों को हमेशा ठंडे पानी में धोना चाहिए. अगर आपकी मशीन में स्पिन स्पीड चुनने का विकल्प है, तो सबसे कम स्पिन स्पीड चुनें. इससे कपड़े खिंचने या खराब होने से बचेंगे. ऊनी कपड़ों के लिए हमेशा हल्के और pH-न्यूट्रल डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें. ऊनी कपड़ों को सही तरीके से धोने से वे लंबे समय तक मुलायम, साफ और अच्छे बने रहते हैं.
यह भी पढ़ें:- गंजेपन वाली जगह पर प्याज का रस लगाने से क्या होता है? प्याज का इस्तेमाल करने के लिए 3 आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- कंबल-रजाई बिना धोए कैसे साफ करें? कंबल की बदबू दूर करने के आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- केले के छिलके को पौधों में कैसे डालें? पौधों के लिए सस्ता घोल बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं