World Top 5 Fastest Trains: जापान दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब बिना पटरी को छुए हवा में दौड़ने वाली मैग्लेव ट्रेन में सफर किया, तो ये एक्सपीरियंस किसी साइंस फिक्शन फिल्म से कम नहीं लगा. सोचिए, महज 10 मिनट में 100 किलोमीटर का सफर तय करना कितना रोमांचक हो सकता है. इस सुपरफास्ट ट्रेन की रफ्तार ने एक बार फिर दुनिया की उन ट्रेनों की चर्चा तेज कर दी है, जो स्पीड के मामले में हवाई जहाज को भी टक्कर देती हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर दुनिया की सबसे तेज चलने वाली ट्रेनें कौन सी हैं और किन देशों में इनका ऑपरेशन होता है. चलिए आपको बताते हैं उन टॉप 5 ट्रेनों के बारे में, जो रफ्तार की असली बादशाह कही जाती हैं.
1. एल0 सीरीज मैग्लेव (जापान)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के दौरान एल0 सीरीज मैग्लेव ट्रेन में सफर किया. ये कोई साधारण ट्रेन नहीं है, बल्कि मैग्नेटिक लेविटेशन तकनीक पर चलती है, यानी ये पटरी को छुए बिना हवा में तैरते हुए दौड़ती है. ये दुनिया की सबसे तेज ट्रेनों की लिस्ट में पहले नंबर पर आती है. इसमें घर्षण लगभग ना के बराबर होता है और इसकी रफ्तार बेहद तेज हो जाती है. ये ट्रेन आमतौर पर करीब 500 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 603 किमी प्रति घंटा तक पहुंच चुकी है. सबसे दिलचस्प बात ये है कि ये सिर्फ 10 मिनट में करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है, जो इसे पारंपरिक बुलेट ट्रेनों से कहीं ज्यादा तेज बनाती है.
2. CR450 (चीन)
CR450 चीन की नई जेनरेशन की हाई-स्पीड ट्रेन है. टेस्टिंग के दौरान इसने 453 किमी प्रति घंटे की रफ्तार छू ली थी, जो इसे दुनिया की दूसरी सबसे तेज ट्रेन बनाती है. इसकी डिजाइन खासतौर पर हवा के दबाव को कम करने के लिए बनाई गई है, जिससे तेज रफ्तार में भी सफर आरामदायक रहता है. हल्की बॉडी और हाईटेक टेक्नोलॉजी इस ट्रेन को बेहद खास बनाती है.
3. शंघाई मैग्लेव (Shanghai Maglev)
तीसरी हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन भी चीन के पास ही है. यह सबसे तेज कमर्शियल ट्रेन है, जो शंघाई में चलती है. यह मैग्लेव टेक्नोलॉजी पर ही बेस्ड है, यानी यह ट्रैक के ऊपर मैग्नेट पावर से हल्का सा तैरते हुए चलती है. इस वजह से इसमें पहियों और पटरियों के बीच घर्षण नहीं होता और स्पीड बहुत ज्यादा मिलती है. यह ट्रेन एयरपोर्ट से शहर तक का सफर महज कुछ ही मिनटों में पूरा कर देती है. इसकी रिकॉर्ड स्पीड 431 किमी प्रति घंटा तक पहुंच चुकी है, जबकि आमतौर पर यह करीब 300 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है.
4. CR400AF फुक्सिंग
चौथी सबसे तेज रफ्तार वाली ट्रेन भी चीन में ही चलती है. इसका नाम CR400AF फुक्सिंग है. यह एक हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक ट्रेन है, जिसे CRRC कंपनी ने तैयार किया है. यह आमतौर पर 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है और जरूरत पड़ने पर 420 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. यह ट्रेन चीन के बड़े शहरों को जोड़ती है और अपनी स्पीड के साथ-साथ सेफ्टी और टाइम मैनेजमेंट के लिए जानी जाती है.
5. TGV
दुनिया की पांचवीं सबसे फास्ट ट्रेन फ्रांस की टीजीवी है, जो यूरोप की पहचान बन चुकी है. यह लगभग 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है और फ्रांस के साथ-साथ बेल्जियम, स्विट्जरलैंड और स्पेन जैसे देशों को जोड़ती है. टीजीवी को आरामदायक सीटों, बेहतर सर्विस और हाई-स्पीड नेटवर्क के लिए जाना जाता है.
क्या होती है ट्रांजिट रिमांड, जिसे लेकर दिल्ली पुलिस से भिड़ गई हिमाचल प्रदेश पुलिस














