UPSC NDA II 2025 Final Result: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) और नेवल एकेडमी (NA) परीक्षा (II) 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. कुल 742 उम्मीदवारों ने ये परीक्षा पास की है. UPSC के नोटिफिकेशन के अनुसार, 14 सितंबर, 2025 को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा और उसके बाद रक्षा मंत्रालय के सेवा चयन बोर्ड द्वारा आयोजित साक्षात्कारों के परिणामों के आधार पर, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी की थल सेना, नौसेना और वायु सेना विंग में 156वें कोर्स के लिए, तथा नौसेना अकादमी में 118वें भारतीय नौसेना अकादमी कोर्स (INAC) के लिए कुल 742 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. चयनित उम्मीदवारों में 651 पुरुष उम्मीदवार और 91 महिला उम्मीदवार शामिल हैं.
नोटिफिकेशन में आगे कहा गया है कि सूची को तैयार करते समय मेडिकल जांच के परिणामों को ध्यान में नहीं रखा गया है. फिलहाल सभी उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अस्थायी है. इन उम्मीदवारों को जरूरी प्रमाण पत्र सीधे 'अतिरिक्त भर्ती महानिदेशालय, एडजुटेंट जनरल शाखा, एकीकृत मुख्यालय, रक्षा मंत्रालय (सेना), वेस्ट ब्लॉक III, विंग-I, आर.के. पुरम, नई दिल्ली -110066' में जमा करने होंगे. जिन भी उम्मीदवारों ने इंटरव्यू में हिस्सा लिया था, वे UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं.
किसने किया टॉप
मेरिट सूची के अनुसार, UPSC NDA NA 2 अंतिम परिणाम 2025 में जिन उम्मीदवारों ने टॉप किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं.
- पार्थ कुमार तिवारी
- ईशान पचौरी
- ईशान सिंह
उम्मीदवारों के अंक अंतिम परिणाम की घोषणा के 15 दिन बाद अपलोड किए जाएंगे. वहीं ट्रेनिंग कोर्स 2 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले हैं