Nvidia Hiring: अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियों में पिछले कुछ समय से नौकरी कटौती की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. गूगल, अमेजन और मेटा जैसी कंपनियों ने भर्ती कम कर दी है, जिससे वहां काम करने वाले हजारों विदेशी कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है. ऐसे माहौल में AI और चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia उम्मीद की एक नई किरण बनकर सामने आई है. कंपनी न सिर्फ नई भर्तियां कर रही है, बल्कि पहले से ज्यादा विदेशी प्रोफेशनल्स को नौकरी देने की तैयारी में भी जुटी हुई है. इसका फायदा भारतीय आईटी और इंजीनियरिंग प्रोफेशनल्स को भी मिल सकता है.
मुश्किल समय में राहत की खबरअमेरिका में अगर किसी विदेशी कर्मचारी की नौकरी चली जाती है, तो उसे सीमित समय के अंदर नई नौकरी ढूंढनी होती है. ऐसा नहीं होने पर उसे अमेरिका छोड़ना पड़ सकता है. इसी वजह से नौकरी कटौती का असर सिर्फ कमाई पर नहीं, बल्कि वहां रहने पर भी पड़ता है. ऐसे समय में Nvidia की बढ़ती भर्ती कई लोगों के लिए राहत लेकर आई है. अमेरिकी श्रम विभाग (US Department of Labor) के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने फाइनेंशियल ईयर 2026 के शुरुआती 6 महीनों में करीब 1200 नई विदेशी भर्तियों से जुड़े पदों के लिए मंजूरी हासिल की है. ये संख्या पिछले साल की तुलना में ज्यादा है.
भारतीयों को सबसे ज्यादा फायदाअमेरिका में काम करने वाले विदेशी टेक प्रोफेशनल्स में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक है. यही वजह है कि जब भी विदेशी कर्मचारियों की भर्ती बढ़ती है, तो भारतीयों को इसका बड़ा फायदा मिलता है. Nvidia इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती टेक कंपनियों में गिनी जाती है. AI की बढ़ती मांग के कारण कंपनी को लगातार नए और स्किल्ड एंप्लाइज की जरूरत पड़ रही है.
करोड़ों रुपये तक की सैलरीNvidia सिर्फ नौकरी के मौके ही नहीं दे रही, बल्कि शानदार सैलरी भी ऑफर कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक सॉफ्टवेयर इंजीनियर सालाना करीब 3.72 करोड़ रुपये तक कमा सकते हैं. वहीं रिसर्च साइंटिस्ट की सैलरी करीब 3.39 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. इसके अलावा प्रोडक्ट मैनेजर, हार्डवेयर इंजीनियरिंग मैनेजर और AI इंजीनियर जैसे पदों पर भी 3.5 करोड़ रुपये से लेकर 4.5 करोड़ रुपये तक की सालाना सैलरी मिलने की संभावना है. कुछ सीनियर पदों पर काम करने वाले लोगों को 4.64 करोड़ रुपये तक की ईयरली सैलरी मिल सकती है.
अभी भी बनी हुई हैं चुनौतियांहालांकि एनवीडिया की ये पहल अच्छी खबर है, लेकिन अमेरिका में विदेशी कर्मचारियों को लेकर नियम लगातार बदल रहे हैं. कई कंपनियां बढ़ते खर्च और नियमों की वजह से विदेशी लोगों की भर्ती में सावधानी बरत रही हैं. इसके बावजूद एनवीडिया की नई रिक्रूटमेंट स्कीम हजारों भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए एक बड़ा मौका मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें- मकान मालिक ने निकाला, सीढ़ियों पर सोए, आज हैं दुनिया के सबसे युवा अरबपतियों में शुमार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं