SI भर्ती परीक्षा के बाद रोडवेज बस स्टैंड पर मची अफरातफरी, जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर अभ्यर्थी

SI EXAM 2026 : अजमेर में SI भर्ती परीक्षा के बाद रोडवेज बस स्टैंड पर भारी भीड़ और अव्यवस्था दिखी. अभ्यर्थी जान जोखिम में डालकर बसों में चढ़ते नजर आए. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बस स्टैंड का नजारा हैरान करने वाला था. अपनी जान की परवाह किए बिना अभ्यर्थी चलती बसों में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे.

RPSC SI Exam 2026 : राजस्थान में सरकारी नौकरी की चाहत और उसके लिए किया गया संघर्ष केवल परीक्षा हॉल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षा के बाद घर लौटने की जद्दोजहद भी किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रही. अजमेर में आयोजित सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा-2025 की दूसरी पारी खत्म होते ही कुछ ऐसी ही डरावनी तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने प्रशासनिक इंतजामों की पोल खोलकर रख दी.

बस स्टैंड पर बेकाबू हुए हालात

जैसे ही परीक्षा केंद्रों से अभ्यर्थी बाहर निकले, अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में अभ्यर्थी अपने गंतव्य की ओर निकलने के लिए बेताब थे, लेकिन बसों की कमी ने हालात को बेकाबू कर दिया. जैसे ही कोई बस स्टैंड पर पहुंचती, भीड़ उस पर टूट पड़ती.

खिड़की से एंट्री और गेट पर लटके युवा

बस स्टैंड का नजारा हैरान करने वाला था. अपनी जान की परवाह किए बिना अभ्यर्थी चलती बसों में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. कोई बस की खिड़की के रास्ते अंदर घुसता दिखा, तो कोई गेट पर लटककर सफर करने को मजबूर था. 

प्रशासन की तैयारी पर उठे सवाल

दूर-दराज के जिलों से आए अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. मौके पर रोडवेज प्रशासन की न तो कोई ठोस निगरानी दिखी और न ही भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त स्टाफ. धक्का-मुक्की और अफरातफरी के बीच अभ्यर्थी बस यही मांग कर रहे थे कि भविष्य में ऐसी बड़ी परीक्षाओं के लिए विशेष बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए.

Advertisement

सरकारी नौकरी का सपना लेकर आए इन युवाओं का यह संघर्ष बताता है कि केवल परीक्षा कराना ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित घर तक पहुंचाना भी व्यवस्था का ही हिस्सा होना चाहिए.

यह भी पढ़ें RPSC SI Exam 2026 LIVE UPDATES: पहली पारी संपन्न, अभ्यर्थियों के खिले चेहरे, बोले- सिलेबस से ही आया था पूरा पेपर

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान की नाक के नीच से Trump ने कैसे निकाल लिया अपना पायलट? | Dekh Raha Hai India