मां हाई कोर्ट वकील, बेटा CA और नाबालिग बेटी... रांची में तीनों ने की खुदकुशी की कोशिश, बेटे की गई जान

सीए की पढ़ाई पूरी कर लौटे मिहिर ने फांसी लगाकर जान दे दी. उसकी हाल ही में उषा मार्टिन में नौकरी लगी थी. मां स्नेहा अखोरी हाई कोर्ट की वकील है. जबकि 14 साल की बेटी ने जहर खाया है, दोनों गुरुनानक अस्पताल में गंभीर हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
घटनास्थल पर मामले की छानबीन में जुटी पुलिस टीम.
रांची:

रांची में एक परिवार के तीन लोगों ने खुदकुशी की कोशिश की. इस घटना में बेटे की मौत हो गई, लेकिन मां और छोटी बहन की हालत गंभीर है. सुसाइड की कोशिश करने वाली महिला हाई कोर्ट की वकील है, उनके साथ उनका सीए बेटा और नाबालिग बेटी ने भी जान देने की कोशिश की. मिली जानकारी के अनुसार दिल दहला देने वाली यह घटना रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कडरू न्यू एजी कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवक की मां और बहन ने भी जहर खाकर जान देने की कोशिश की. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है. उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

कोलकाता से सीए की पढ़ाई कर लौटा था बेटा, लग चुकी थी नौकरी

घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मिहिर के रूप में की गई है. उसने अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलने पर जब तक स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि मिहिर हाल ही में कोलकाता से रांची लौटा था. वह चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की पढ़ाई कर रहा था, और चर्चा है कि उसकी नौकरी एक कॉरपोरेट कंपनी में लगी थी.

मां झारखंड हाई कोर्ट की वकील, बहन मात्र 14 साल की

मिहिर की मां स्नेहा अखौरी और उसकी 14 वर्षीय बहन ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया. स्नेहा अखौरी पेशे से झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता हैं. दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल शहर के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल दोनों की स्थिति नाजुक बनी है. घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.

मां-बेटी के होश में आने पर ही कारण का चलेगा पता

पुलिस ने घर के आसपास मौजूद लोगों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मां और बेटी के होश में आने के बाद ही स्थिति को लेकर ठोस जानकारी मिल सकेगी. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

हेल्पलाइन
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्‍थ 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
TISS iCall 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्‍ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
(अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्‍स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं)

Featured Video Of The Day
India vs Pakistan T20 World Cup Match: भारत के साथ मैच नहीं खेलने पर ICC पाक पर लेगा बड़ा एक्शन?