- कुख्यात को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल किया जा रहा था शिफ्ट
- टॉयलेट का बहाना बनाकर पुलिस का वाहन रुकवाया, फिर पुलिसकर्मी का हथियार छीना
- लगातार फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली से मारा गया सुजीत
झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रविवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किए जाने के दौरान जामताड़ा में उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने और फायरिंग करने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया.
जानकारी के मुताबिक, सुजीत सिन्हा को कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ले जाया जा रहा था. जामताड़ा पहुंचने पर उसने टॉयलेट जाने की बात कही. पुलिस ने वाहन रोका तो उसने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए भागने लगा.
लगातार फायरिंग के जवाब में मारा गया सुजीत
अचानक हुई इस घटना से पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सुजीत सिन्हा को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसके लगातार फायरिंग करने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई. इस दौरान हुई मुठभेड़ में सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
साहिबगंज जेल से धनबाद जेल किया जा रहा था ट्रांसफर
सुजीत सिन्हा लंबे समय से झारखंड के सबसे कुख्यात गैंगस्टरों में गिना जाता था. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे. वह लंबे समय से जेल में बंद था और सुरक्षा कारणों से उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था.
पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू
घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं. घटना में इस्तेमाल हथियार, फायरिंग और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है. जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि कर दी है.
यह भी पढ़ें- ज्वेलर्स शॉप में पिस्तौल तानकर टशन दिखाना पड़ा भारी, दुकानदार ने पकड़कर पीट डाला, गन भी छीनी