- झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा में पवन कुमार नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई
- पवन कुमार को बैट्री चोरी का आरोप लगाकर बंधक बनाया गया और ग्रामीणों ने उसे जमकर मारा-पिटाई की
- पुलिस ने पवन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई, एक आरोपी को हिरासत में लिया गया
झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा के तेलियाही में पवन कुमार नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पवन कोकरसा गांव का रहने वाला था. पवन को पहले बैट्री चोर बोल कर बंधक बनाया गया था और फिर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पवन शनिवार की रात तेलियाही में एक लड़की से मिलने गया था. इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया. बाद में बैट्री चोर बोलकर परिजन और ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में पवन को बचाया. लेकिन अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद पवन के परिजनों और ग्रामीणों ने पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा में रोड जाम कर दिया. पेड़ काटकर सड़क को ब्लॉक कर दिया गया. हालात को देखते हुए इलाके में डीएसपी राजेश यादव और पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार रात 12.30 बजे के करीब पड़वा थाना प्रभारी को कॉल आया था कि बैट्री चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़कर रखा गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. देखा कि एक युवक को मारपीट कर बंधक बना कर रखा गया है. गांव वालों ने उसे घेर रखा था. पुलिस ने युवक को सभी से छुड़ाया और थाना प्रभारी को सूचना दी. साथ ही युवक को लेकर जाने लगी. पिटाई से ज्यादा तबीयत खराब होने के कारण उसे सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे ब्रॉड डेथ घोषित कर दिया. इधर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है. साथ ही पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
मृतक पवन के पिता.
डालसा सचिव से मांगी गई रिपोर्ट
पलामू के जिला जज श्रीराम शर्मा ने मॉब लिंचिंग की घटना का संज्ञान लिया है. उन्होंने डालसा सचिव राकेश रंजन को घटना की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. साथ ही पीड़ित परिवार की सहायता करने की बात कही है. इधर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन ने संबंधित क्षेत्र के पीएलबी को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है. साथ ही घटना से संबंधित रिपोर्ट और आर्थिक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
मॉब लिंचिंग की धारा में दर्ज होगी FIR
एसी रिष्मा रमेशन ने कहा कि घटना को लेकर मॉब लिंचिंग की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. घटना के बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड की ओर से मृतक पवन कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जा रही है. पवन कुमार एक दलित युवक था. इलाके में हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है.
(पलामू से बिनोद कुमार की रिपोर्ट)














