फिल्म 'स्पेशल-26' में अक्षय कुमार इनकम टैक्स के फर्जी अधिकारियों के साथ सुनार और बड़े व्यापारियों की दुकानों पर रेड डालते हैं, वहां से सारा सोना-चांदी और पैसे लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं. कुछ इसी तरह से झारखंड के गिरिडीह जिले में एक स्वर्ण कारीगर लुट गए. 25 लाख के जेवर लेकर चले गए. पुलिस को पता चला तो उनके कान खड़े हो गए. स्वर्ण कारीगर को बरामद कर लिया.
फर्जी GST टीम ने मारा छापा
मामला धनवार थाना इलाके से जुड़ा हुआ है. यहां के हरिहर साव स्वर्ण आभूषण के कारीगर हैं. इनके घर पर फर्जी जीएसटी टीम ने छापा मारा. कागजात मांगा. फिर सोने-चांदी के गहनों को सीज कर दिया. गहनों के साथ कारीगर हरिहर साव को भी साथ में ले गए. लुटेरे सूट-बूट और पुलिस की वर्दी में स्कॉर्पियो से आए थे. देखने में बिल्कुल असली लग रहे थे.
पुलिस के पास गए परिजन तो खुला भेद
हरिहर साव के बारे में जब घंटों कुछ पता नहीं चला तो परिजन उनके सहयोगी कारीगर के साथ धनवार थाना पहुंचे. थाना प्रभारी सतेंद्र पाल को पूरी कहानी बताई. थानेदार ने पड़ताल की तो पता चला कि जीएसटी टीम ने हरिहर के घर छापा ही नहीं मारा. ऐसे में थाना प्रभारी के कान खड़े हो गए, और तुरंत एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचित किया.
देवघर से बरामद हुआ कारीगर
एसपी ने खोरी महुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद की अगुवाई में टीम का गठन कर दिया. टीम ने छापेमारी शुरू की. छानबीन भी की, और सीसीटीवी फुटेज खंगाला. फुटेज में ठगों की फौज दिखी. हरिहर के मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया गया. कुछ घंटे में ही पुलिस को यह पता चला कि हरिहर को देवघर एम्स के पास उतार दिया गया है. थाना प्रभारी सतेंद्र पाल दलबल के साथ देवघर गए, और कारीगर को बरामद कर लिया.
कारीगर को बिल्कुल भी नहीं हुआ शक
पुलिस के पूछताछ में हरिहर ने ठगों का पूरा हुलिया बताया. बताया कि जिस तरह से ठग उसके कारखाना में पहुंचे, और जिस अंदाज में बात की उसे शक ही नहीं हुआ कि वह ठगी का शिकार हो रहा है. उसे लगा कि जीएसटी की टीम ने ही दबिश दी है. वह इन ठगों की जाल में फंस गया और सब कुछ लुटा बैठा.
खोरी महुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर स्वर्ण आभूषण कारीगर को ठगा गया है. कारीगर को बरामद कर लिया गया है. जल्द ही सभी ठग पकड़े जायेंगे.
यह भी पढ़ें: भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में बवाल-तोड़फोड़, पुलिस ने किया लाठी चार्ज; 3 पुलिसकर्मी घायल














