Jharkhand Heat wave News: झारखंड में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है. आसमान से बरसती इस आग ने अब वाहनों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है. ताजा घटना गढ़वा शहर के दानरो नदी बाईपास के पास की है, जहां भीषण गर्मी और तपिश के कारण एक खड़ी ईको कार अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई.
धूप में खड़ी कार बनी आग का गोला
बताया जा रहा है कि कार का चालक अपनी गाड़ी को तेज धूप में खड़ी कर बाजार का सामान लोड कर रहा था. गर्मी इतनी प्रचंड थी कि बंद कार के भीतर का तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया. हीट वेव के कारण इंजन या वायरिंग ने अचानक आग पकड़ ली. देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा और आग की लपटें तेज हो गईं.
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
गनीमत यह रही कि जैसे ही कार के अंदर आग की गंध फैली चालक ने बिना देर किए गाड़ी से बाहर छलांग लगा दी. उसके बाहर निकलते ही पूरी कार आग की भीषण लपटों में घिर गई. यदि चालक चंद सेकंड की भी देरी करता तो उसकी जान पर बन सकती थी. इस घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे.
पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करते हुए मोर्चा संभाला. तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया गया. फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू तो पा लिया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. इस घटना ने एक बार फिर चिलचिलाती धूप में वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, बूंदी-कोटा हाईवे पर पलटी दिल्ली जा रही स्लीपर बस; 15 यात्री घायल














