Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां खेत में काम कर रही महिला पर बेहद जहरीले सांप ने हमला कर दिया. यह घटना माझागढ़ थाना क्षेत्र के झांसी टोला मालिकाना गांव की है.
बताया जा रहा है कि मंजू देवी अपने खेत में आलू की खुदाई कर रही थीं तभी अचानक वहां छिपे सांप ने उन्हें डस लिया. सांप के डसते ही उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी जिससे परिवार के लोग घबरा गए.
सांप को पकड़कर अस्पताल पहुंचे परिजन
घटना के बाद परिजन मंजू देवी को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इस घटना ने नया मोड़ तब लिया जब वे उस सांप को भी पकड़कर अपने साथ अस्पताल ले आए. जैसे ही डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों ने उस सांप को देखा पूरे इमरजेंसी वार्ड में हड़कंप मच गया. अन्य मरीज और उनके परिजन डर के मारे इधर-उधर भागने लगे जिससे कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.
रसल वाइपर निकला बेहद खतरनाक सांप
मौके पर मौजूद सांपों के जानकार डॉक्टर जमशेर ने बताया कि पकड़ा गया सांप रसल वाइपर है जो एशिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है. यह सांप काफी आक्रामक होता है और करीब एक मीटर की दूरी तक छलांग लगाकर हमला कर सकता है. इसका जहर हीमोटॉक्सिन होता है जो शरीर के खून पर असर डालता है और समय पर इलाज न मिलने पर जान भी जा सकती है.
अस्पताल में मचा हड़कंप और इलाज जारी
सदर अस्पताल में सांप के पहुंचने से काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बाद में सांप को सुरक्षित तरीके से काबू किया गया. वहीं मंजू देवी का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें- मदरसन के बाद अब रिलैक्सो और निफोन में बवाल, 20 हजार वेतन की मांग पर अड़े भिवाड़ी के हजारों श्रमिक














