- नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद नाराज होकर दिल्ली से वापस लौट आए
- बीजेपी की बैठक रद्द कर दी गई और इसी बीच श्रेयसी सिंह का मुख्यमंत्री पद के लिए नाम चलने लगा
- नीतीश ने कहा है कि विधायक दल का नेता चुनने के बाद कैबिनेट बैठक में नए मुख्यमंत्री का नाम घोषित किया जाए
बिहार की राजनीति में रोज उठापटक हो रहा है. नीतीश कुमार दिल्ली से इतनी जल्दी क्यों वापस गए? हरिवंश को राज्यसभा में नामांकित करना क्या नीतीश कुमार को नागवार गुजरा? इस सबके बीच स्व दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह का नाम कैसे मुख्यमंत्री पद के लिए चल गया? क्या इस सबसे से नीतीश कुमार नाराज हो गए? इस सबका उत्तर है जी हां. जिस दिन नीतीश कुमार ने राज्यसभा के सांसद के लिए शपथ लिया उसी दिन बीजेपी ने हरिवंश को राज्यसभा के लिए नामांकित किया और शपथ भी करवाई गई. इतना काफी था नीतीश कुमार को नाराज करने के लिए.
दिल्ली से वापस आ गए नीतीश कुमार
इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली से वापस आ गए. नीतीश की नाराजगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कैसे एक दम से बिहार की राजनीति में घटनाक्रम तेजी से बदलते हैं. बीजेपी की होने वाली बैठक को रद्द कर दिया जाता है. इसी बीच बीजेपी के खेमे से श्रेयसी सिंह का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चलने लगा. श्रेयसी बिहार के जदयू के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व दिग्विजय सिंह की बेटी हैं. वो अंतरराष्ट्रीय शूटर रह चुकीं हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीत चुकी हैं. वो दो बार की विधायक भी हैं. श्रेयसी के नाम के पीछे भी नीतीश कुमार के एक बेहद करीबी मंत्री का नाम आ रहा है. अब बताया जा रहा है कि अब उनका मंत्री पद जा सकता है.
सम्राट चौधरी के नाम पर नीतीश की 'हां'
सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार ने बीजेपी से ये कह दिया है कि बीजेपी विधायक दल का नेता चुनें फिर कैबिनेट की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान किया जाए. तब जा कर नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे और नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी. सूत्रों की माने तो नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नाम पर अपनी सहमति दे दी है और वही बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: आपके बिना बिहार अधूरा.. नीतीश की विदाई पर भावुक हुए जीतनराम मांझी, जानिए कल पटना में क्या-क्या होगा














