पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के दौरान हिंसा और तनाव देखने को मिल रहा है. राज्य की 142 सीटों पर हो रही वोटिंग के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों से झड़प, हमले और बूथों पर हंगामे की खबरें सामने आ रही हैं. भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गुंडागर्दी और डराने-धमकाने का आरोप लगाया है, जबकि कई जगहों पर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने की भी शिकायतें मिली हैं. हावड़ा, बसंती से लेकर नदिया तक हिंसक घटनाएं सामने आई हैं.
भाजपा उम्मीदवार की कार पर हमला
दक्षिण 24 परगना जिले की बसंती विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है. सरदार के मुताबिक, जब वे क्षेत्र का जायजा लेने निकले थे, तभी लगभग 200 से 250 टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया. हमलावरों के पास लोहे की रॉड और डंडे थे. हमलावरों ने गाड़ी पर हमला बोल दिया.
विकास सरदार ने बताया कि इस हमले कार को नुकसान हुआ और उनके ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई. उन्होंने कहा, "पूरे निर्वाचन क्षेत्र में टीएमसी की गुंडागर्दी चल रही है. वे निष्पक्ष चुनाव नहीं होने देना चाहते."
बीजेपी पोलिंग एजेंट का फूटा सिर
नदिया जिले के छपरा विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला. यहां हतरा पंचायत के बूथ नंबर 52 पर भाजपा के पोलिंग एजेंट मुशर्रफ मीर को बेरहमी से पीटा गया. मीर के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें छह टांके लगाने पड़े हैं. अस्पताल में भर्ती मीर ने बताया कि टीएमसी के कुछ लोग हथियारों के साथ छिपे हुए थे और अचानक उन पर हमला कर दिया.
पीड़ित एजेंट के अनुसार, हमलावरों में कुछ अपराधी भी शामिल थे जिनके पास बंदूकें थीं. उन्होंने पहले लोहे की रॉड से हमला किया और जब वे नीचे गिर गए, तो उन्हें लगातार पीटा गया. इस मामले में भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, "छपरा जैसे अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में टीएमसी के संरक्षण में गुंडागर्दी हो रही है ताकि भाजपा के एजेंट बूथों पर न बैठ सकें."
EVM की खराबी और मतदान में देरी की शिकायतें
हिंसा के अलावा, दूसरे चरण के मतदान के दौरान तकनीकी खामियां भी सामने आई. उत्तर 24 परगना के बरानगर में बूथ नंबर 72 पर ईवीएम (EVM) मशीन खराब होने की शिकायत सामने आई.
लंबी कतारों में खड़े मतदाताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मशीन काम न करने की वजह से उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जिससे वोटिंग की रफ्तार सुस्त पड़ गई. वहीं हावड़ा जिले में खबर है कि EVM में गड़बड़ी के कारण बाली क्षेत्र में झड़प हुई. इसके बाद CRPF जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.














