West Bengal Elections 2nd Phase Voting: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है. मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं. इन कतारों को देख ऐसा लग रहा है कि दूसरे फेज में भी वोटिंग का रिकॉर्ड टूट सकता है. आज तय हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार किसकी होगी. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है. कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं. चुनाव के दूसरे चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है. चुनाव आयोग ने बताया कि इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1, 57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, ऐसे में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग की उम्मीद की जा रही है. दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं. भवानीपुर सीट को नंदीग्राम की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं. सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं. इनके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगाए गए हैं. पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी.
West Bengal Election 2026 Voting LIVE Updates...
West Bengal Voting LIVE: ‘सोनार बांग्ला’ के लिए रिकॉर्ड मतदान करें... अमित शाह की अपील
गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त करने के लिए दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें.
आपका एक वोट बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का माध्यम बनेगा. बंगाल के युवाओं के सपनों को सिर्फ एक ऐसी सरकार ही पूरा कर सकती है, जिसके पास विकास का विजन भी हो और घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर करने की संकल्प शक्ति भी हो. ‘सोनार बांग्ला’ के लिए रिकॉर्ड मतदान करें.
West Bengal Election LIVE Updates: जल्दी-जल्दी अपना वोट डाल दे, क्योंकि मौसम बेहद गर्म है: बीजेपी उम्मीदवार पवन सिंह
पश्चिम बंगाल चुनाव में भाटपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह ने अपना वोट डालने के बाद कहा, "मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है. मुझे उम्मीद है कि दिन भर शांति बनी रहेगी, क्योंकि गड़बड़ी करने वाले लोग जेल में हैं या फिर राज्य से बाहर हैं. लेकिन मैं लोगों से जल्द से जल्द वोट डालने का आग्रह करना चाहूंगा, क्योंकि मौसम काफी गर्म है. लगातार गर्मी बढ़ रही है, दोपहर में गर्मी में पोलिंग बूथों के बाहर कतरों में खड़े रहना मुश्किल हो सकता है. इसलिए सुबह-सुबह वोट डाल देना चाहिए."
West Bengal Voting LIVE: आरजी कार मेडिकल कॉलेज में दुष्कर्म और हत्या की पीड़िता की मां बोलीं- हमें न्याय मिलेगा
आरजी कार मेडिकल कॉलेज में बलात्कार और हत्या की पीड़िता की मां और पनिहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ का कहना है, "हम जीतेंगे, हमें न्याय मिलेगा. लोग हमें वोट देंगे."
West Bengal Election LIVE Updates: वोट डालने से पहले भावुक हुए आरजी कार मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या पीड़िता के पिता
आरजी कार मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या पीड़िता के पिता शेखररंजन देबनाथ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपना वोट डालने जाने की बात करते हुए भावुक हो गए. उन्होंने कहा, "यह बहुत दुखद है कि हमें अपनी बेटी के लिए न्याय पाने के लिए यह तरीका अपनाना पड़ रहा है. लेकिन हम जीतेंगे और अपनी बेटी के लिए न्याय दिलाएंगे... हम जनता के साथ हैं." बता दें कि उनकी पत्नी रत्ना देबनाथ भाजपा उम्मीदवार के रूप में पनिहाटी सीट से चुनाव लड़ रही हैं.
West Bengal Polls 2026: बीजेपी उम्मीदवार रूपा गांगुली कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर पहुंचीं
पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी ने पूरा जोर लगा दिया है. बीजेपी का दावा है कि इस बार राज्य में उनकी सरकार बनने जा रही है. बीजेपी के सभी उम्मीदवार पोलिंग बूथों पर डटे हुए हैं. सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रूपा गांगुली कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर सुबह-सुबह पहुंचीं.
West Bengal Voting LIVE: उत्तर 24 परगना के बारानगर में मतदान केंद्र के बाहर लंबी कतारें
पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग हो सकती है. उत्तर 24 परगना के बारानगर में एक मतदान केंद्र पर लोग कतार में खड़े हैं. ये लोग वोटिंग शुरू होने से पहले ही पोलिंग बूथ के बाहर पहुंच गए. लोगों में मतदान के प्रति गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है.
West Bengal Election 2026 LIVE Updates: बंगाल के राज्यपाल ने अंतिम चरण में भारी मतदान की अपील की
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने मंगलवार को राज्य के लोगों से 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के दूसरे और अंतिम चरण में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की. राज्यपाल ने मतदाताओं, विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पहली बार वोट डालने वालों से बड़ी संख्या में बाहर आकर लोकतंत्र को मजबूत करने का आग्रह किया. राज्यपाल रवि ने कहा कि चूंकि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का अगला और अंतिम चरण बुधवार को होने जा रहा है, इसलिए वह सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान करते हैं.
West Bengal Election LIVE Updates: बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू हो गई है. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं. सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है.
West Bengal Voting LIVE: किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं
इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं है. 142 सीटों में से 107 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 34 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और एक सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है. दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट पर सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि हुगली जिले की एक सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं. बंगाल चुनाव में मतदाताओं में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 3,243 वोटर हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,96,801 है. इसके अलावा 146 एनआरआई वोटर और 39,961 सर्विस वोटर भी इस चरण में मतदान करेंगे.













