- पश्चिम बंगाल में दो चरणों के विधानसभा चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से 77 केंद्रों पर शुरू होगी.
- फाल्टा विधानसभा सीट के लिए पुनर्मतदान 21 मई को होगा, जिसका परिणाम 24 मई को घोषित किया जाएगा.
- फलोदी सट्टा बाजार ने भाजपा को 150 से 152 जबकि टीएमसी को 137 से 140 सीटें मिलने का अनुमान जताया है.
West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल में दो चरणों के विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से राज्य भर के 77 मतगणना केंद्रों पर शुरू होगी. हालांकि, सोमवार को राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से केवल 293 सीटों पर ही मतगणना होगी, क्योंकि भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले की पूरी फाल्टा विधानसभा सीट के लिए 21 मई को पुनर्मतदान की घोषणा की थी, जिसके परिणाम 24 मई को घोषित किए जाएंगे.
77 काउंटिंग सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा में होगी गिनती
मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से, चुनाव आयोग ने इस बार मतगणना केंद्रों की संख्या 2021 में 108 और 2016 में 90 से घटाकर 77 कर दी थी. शुरुआत में, चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों की संख्या घटाकर 87 करने का निर्णय लिया था. हालांकि, अंततः यह संख्या घटाकर 77 कर दी गई.
चुनाव आयोग ने आदेश दिया था कि इस बार मतगणना व्यापक सुरक्षा घेरे में की जाएगी, जिसमें कुछ ऐसे अतिरिक्त एहतियाती उपाय भी शामिल होंगे, जो पहले कभी नहीं किए गए थे. मतगणना केंद्रों के अंदर और आसपास तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होगी. सबसे भीतरी स्तर, यानी मतगणना कक्ष में सुरक्षा की व्यवस्था केवल केंद्रीय बल के कर्मियों द्वारा की जाएगी.
फलोदी सट्टा बाजार में पहले TMC को बढ़त, लेकिन बाद में BJP को बहुमत
फलोदी सट्टा बाजार के अनुसार चुनाव से पहले बंगाल में TMC को बढ़त दी जा रही थी. लेकिन दूसरे चरण के मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी को 150 से 152 सीटें तो वहीं टीएमसी को 137 से 140 सीटों का सेशन देने का आकलन बता रहा है. यानी यहां बीजेपी को बढ़त दिखाई जा रही है.
पहले जहां बीजेपी को 100 सीट दी जा रही थी. अब दूसरे चरण के मतदान के बाद पूर्ण बहुमत के साथ 150 सीटों पर लाकर खड़ा कर रहा है. हालांकि मतगणना की तरीख तक यह आंकड़ा ऊपर नीचे हो सकता है. मुंबई, दिल्ली के सट्टा बाजार में भी बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है. अब आज के नतीजों से यह साफ हो जाएगा कि बंगाल के मामले में सट्टा बाजार के आंकलन कितने सटीक थे.
यह भी पढ़ें - पश्चिम बंगाल में काउंटिंग के लिए कैसी हैं तैयारियां? CEO मनोज अग्रवाल ने NDTV को बताया













