झुलसा देगी ये गर्मी! कई राज्यों में तापमान 43 डिग्री के पार तो चमोली में भारी बारिश ; जानिए मौसम का हाल

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और भीषण गर्मी के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
गर्म हवाएं चलने की चेतावनी
नई दिल्ली:

गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में बुधवार को लू चलने के बीच कम से कम 26 मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया. दिल्ली के चार मौसम केंद्रों ने लू की स्थिति आंकी. गुजरात के कांडला में पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस दिन देश में सबसे अधिक तापमान था. राजकोट में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस, अमरेली में 44.3 डिग्री सेल्सियस और सुरेंद्रनगर में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तटीय शहर पोरबंदर में पारा असामान्य रूप से 43 डिग्री सेल्सियस तक चला गया जो सामान्य से 8.8 डिग्री अधिक था.

वहीं, उत्तराखंड में चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बुधवार देर शाम अचानक बारिश ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं. तेज हवाओं के साथ भारी बारिश से कई जगहों पर रोड पर मलबा आ गया, जिसमें कई वाहन दब गए हैं. पिछले कुछ घंटों से चमोली में बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है. स्थानीय प्रशासन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं.

राज्य में दीसा और अहमदाबाद में भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. राजस्थान में पिलानी में 44.9 डिग्री सेल्सियस, फलौदी और चूरू में क्रमश: 43.8 डिग्री सेल्सियस और 43.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर और जयपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 43.4 डिग्री सेल्सियस और 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इनमें से कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री अधिक रहा.

महाराष्ट्र में अकोला और जलगांव दोनों में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मालेगांव में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

Advertisement

11 अप्रैल से गर्मी के कम होने की संभावना
मध्य भारत भी इससे अछूता नहीं रहा. मध्यप्रदेश के रतलाम में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक था. होशंगाबाद में पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी के 11 अप्रैल से कम होने की संभावना है, जबकि गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 अप्रैल से गर्मी के कम होने की संभावना है.

आईएमडी के वैज्ञानिक और प्रवक्ता नरेश कुमार ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 14-15 अप्रैल को फिर गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी है.

Advertisement

आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को इस मौसम की सबसे गर्म रात रही और बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और भीषण गर्मी के लिए ‘यलो अलर्ट' जारी किया है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

बिहार के कई जिलों में बारिश और वज्रपात
बिहार में अचानक मौसम बदलने से कई जिलों में बारिश और वज्रपात हुआ, जिससे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई. बेगूसराय, मधुबनी, दरभंगा और नवादा में ये घटनाएं हुई हैं. वर्तमान में बिहार का मौसम आंशिक रूप से बादलों से ढका हुआ है, तापमान 32 डिग्री सेल्सियस है और 4% वर्षा की संभावना है. आर्द्रता 47% है और पूर्व दिशा से 8 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है.
 

Featured Video Of The Day
ईरान युद्ध में बंट गया NATO!, 'महायुद्ध' में America पड़ गया अकेला? | Iran Israel US War | Kachehri
Topics mentioned in this article