- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में टीवीके ने कुल 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ा दल बनकर उभरी है लेकिन बहुमत से दूर है
- टीवीके प्रमुख विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है और अंतिम फैसला TNCC करेगी
- कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति तमिलनाडु में सरकार गठन संबंधी समर्थन पर अंतिम निर्णय के लिए बैठक करेगी
तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ा दल बनकर उभरी है. विधानसभा चुनाव 2026 में टीवीके को कुल 108 सीटों पर जीत मिली है. भले ही टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बन गई हो लेकिन अभी भी वह बहुमत से दूर है. सरकार बनाने के लिए विजय को अन्य पार्टियों के साथ की जरूरत है. इस बीच कांग्रेस ने भी इसे लेकर बैठक की है. बैठक के बाद कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने कहा है कि TVK प्रमुख विजय ने सरकार बनाने के लिए समर्थन का अनुरोध किया है.
कांग्रेस कमिटी करेगी अंतिम फैसला
के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ने तमिलनाडु की स्थिति पर चर्चा की है. टीवीके प्रमुख विजय ने राज्य में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है. हम बीजेपी की सरकार नहीं चाहते. यह जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है. उन्होंने कहा कि विजय की पार्टी को समर्थन देने पर अंतिम फैसला तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (TNCC) करेगी. TNCC की राजनीतिक मामलों की समिति इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेने के लिए कल सुबह 9.30 बजे चेन्नई में बैठक करेगी.
टीवीके ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश किया
विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने विधानसभा चुनावों में 108 सीटों पर जीत कर तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश किया है. चुनाव में अपने मजबूत प्रदर्शन के आधार पर टीवीके ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से संपर्क किया और सरकार बनाने के अपने अधिकार का दावा करते हुए सदन में अपना बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है. इस घटनाक्रम ने संभावित गठबंधनों को लेकर अटकलों को हवा दी है, क्योंकि टीवीके बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें पीछे है.
चोडंकर ने आगे कहा कि तमिलनाडु चुनाव परिणामों पर एक विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व को सौंप दी गई है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल हैं. उन्होंने कहा, 'तमिलनाडु में आगे की कार्रवाई नेतृत्व द्वारा सामूहिक रूप से तय की जाएगी.' चोडंकर ने यह भी संकेत दिया कि यदि स्थिति की मांग हुई तो कई कांग्रेस नेता समर्थन देने को तैयार हैं. उन्होंने कहा, 'टीवीके द्वारा अपने विधायक दल के नेता का चुनाव हो जाने के बाद वे हमसे संपर्क कर सकते हैं. किसी को भी टीवीके को कम नहीं आंकना चाहिए.'
यह भी पढ़ें: टीवीके प्रमुख विजय ने तमिलनाडु में जीत पर बधाई के लिए पीएम मोदी और राहुल गांधी को दिया धन्यवाद













