अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो मई में भारत आने वाले हैं. इस दौरान टैरिफ नीतियों पर चर्चा होगी. यह संकेत उस समय मिला जब उन्होंने भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ व्हाइट हाउस में एक सकारात्मक बैठक की. पिछले कुछ महीनों में टैरिफ को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में थोड़ी दूरी आई थी. हालांकि भारत और अमेरिका बड़े रणनीतिक साझेदार हैं.
अमेरिकी राजदूत ने दी जानकारी
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'विदेश मंत्री रूबियो अगले महीने भारत आने वाले हैं.' यह पोस्ट रूबियो की वॉशिंगटन में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ हुई मुलाकात के बाद आई, जहां दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत की. गोर की पोस्ट में दौरे की तारीख नहीं बताई गई थी. अभी तक भारत के विदेश मंत्रालय ने इस पर कोई बयान नहीं दिया है.
पद संभालने के बाद यह रूबियो का भारत का पहला दौरा होगा. पिछले एक साल में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े नेता और अधिकारी भारत का दौरा कर चुके हैं.यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब हाल के महीनों में अमेरिका-भारत संबंधों में फिर से तेजी आई है.
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने की थी मुलाकात
इससे पहले भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने व्हाइट हाउस में मार्को रुबियो से मुलाकात की थी. इस बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार और अहम तकनीकों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने का जिक्र किया गया. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट के जरिए दी. उन्होंने बताया कि बातचीत का मुख्य फोकस द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करना था. खासतौर पर व्यापार, क्रिटिकल मिनरल्स, रक्षा सहयोग और 'क्वाड' जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा, 'सेक्रेटरी रुबियो अगले महीने भारत आने को लेकर उत्साहित हैं.'
विक्रम मिसरी की वाशिंगटन यात्रा में रुबियो के साथ यह मुलाकात सबसे अहम रही. इससे भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी के लगातार मजबूत होते रिश्तों की झलक भी मिली. इस दौरान अमेरिका के उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने भी विक्रम मिसरी से मुलाकात की. अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट के अनुसार, दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका की मजबूत साझेदारी को फिर से दोहराया और पर्शियन गल्फ सहित वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की.
यह भी पढ़ें: ऊर्जा से लेकर मिडिल ईस्ट में शांति तक...हरदीप पुरी के कतर दौरे पर इन मुद्दों पर हुई अहम बातचीत














