एक ओर दिल्ली एनसीआर उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद जैसे शहरों को जोड़ते हुए आवासीय, ट्रांसपोर्ट और मैन्युफैक्चरिंग का सबसे बड़ा हब बन रहा है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश ने 2047 तक का मास्टर प्लान तैयार कर दूसरे शहरों में विकास की रफ्तार तेज करने का फैसला किया है . इसमें लखनऊ जैसे यूपी के तीन बड़े शहरों को वर्ल्ड की टॉप 100 सिटी में लाने के साथ बुलेट ट्रेन, नमो भारत का नेटवर्क विस्तार करने और दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर लखनऊ स्टेट कैपिटल रीजन को विकसित करना शामिल है. अगले 20 सालों में यूपी को 6 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के साथ विकसित यूपी @2047 का मिशन तैयार किया गया है.इसमें लखनऊ को मॉडल मेट्रोपॉलिटन सिटी के तौर पर विकसित किया जाएगा. आइए जानते हैं डिटेल...
क्या है यूपी का अर्बन मास्टर प्लान (UP Urban Development Plan 2047)
- यूपी में शहरी आबादी अभी 25 से बढ़ाकर 2047 तक 60 फीसदी करने का लक्ष्य
- 10 बड़े शहरों को ग्लोबल मेट्रो सिटी बनाया जाएगा
- यूपी के 3 शहर दुनिया के टॉप-100 शहरों में शामिल होंगे
- स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के तहत लखनऊ के आसपास जिलों का विकास
- दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन और लखनऊ-अयोध्या बुलेट ट्रेन लिंक रूट
- वेस्ट यूपी के हर छोटे-बड़े शहर को नमो भारत रैपिड रेल से जोड़ना
- सभी 75 जिलों में कम से कम एक शहरी विकास प्राधिकरण का गठन होगा
दुनिया के टॉप शहरों से मुकाबला करेंगे यूपी के ये 10 शहर
यूपी के 10 बड़े शहरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्लोबल मेट्रो स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा. इसमें लखनऊ, कानपुर, नोएडा, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद, मेरठ, गोरखपुर और बरेली शामिल है. इनमें से तीन शहरों को दुनिया के टॉप 100 शहरों की फेहरिस्त में लाने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा.
SCR से लखनऊ बनेगा मॉडल मेट्रोपॉलिटन सिटी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ इस मास्टर प्लान का अहम हिस्सा होगी. जैसे दिल्ली के आसपास एनसीआर बना, वैसे ही लखनऊ के आसपास हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव और रायबरेली जिलों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) का विकास हो रहा है, ताकि लखनऊ का बोझ कम हो. इन जिलों में नई टाउनशिप, एक्सप्रेसवे-हाईवे के साथ मेट्रो जैसी मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी दी जाएगी. ताकि कामकाज, पढ़ाई-लिखाई या कारोबार के लिए लखनऊ में बसने की बजाय अपने शहर से ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी हो.
दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर
दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन रूट का दिल्ली-वाराणसी पहला चरण होगा. इसमें नोएडा, मथुरा, आगरा, कन्नौज, फिरोजाबाद, इटावा, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज जैसे जिले भी कनेक्ट होंगे. लखनऊ से अयोध्या तक लिंक रूट भी बनेगा. इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से इन जिलों में घंटे-दो घंटे के भीतर आवाजाही होगी.
नमो भारत नेटवर्क बढ़ेगा
उत्तर प्रदेश में नमो भारत का सबसे बड़ा नेटवर्क भी बन रहा है. दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का मुजफ्फरनगर के रास्ते हरिद्वार तक विस्तार हो रहा है. गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत कॉरिडोर,गाजियाबाद-खुर्जा, गाजियाबाद-हापुड़, गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अलावा दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत रैपिड रेल रूट शामिल हैं.
एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा नेटवर्क
यूपी में पूर्वांचल, गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के अलावा गोरखपुर-शामली, गोरखपुर-सिलीगुड़ी, वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे जैसे बड़े रोड नेटवर्क तैयार हो रहे हैं.इन बड़े एक्सप्रेसवे को आपस में कनेक्ट करने के लिए आठ लिंक एक्सप्रेसवे भी बन रहे हैं ताकि हर जिलों में इनकी सीधी कनेक्टिविटी हो.
यूपी में मेट्रो का बढ़ता नेटवर्क
उत्तर प्रदेश के 7 शहरों में मेट्रो चल रही है. इसमें लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ शामिल है. जबकि वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और बरेली में रैपिड मेट्रो या लाइट मेट्रो रेल का प्रस्ताव पारित हो चुका है. अगले चरण में झांसी, मुरादाबाद, अलीगढ़ और सहारनपुर जैसे शहर इसमें शामिल किए जा सकते हैं. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) का लक्ष्य साल 2047 तक 20 शहरों को मेट्रो कनेक्टिविटी से जोड़ने का है.
सभी 75 जिलों में विकास प्राधिकरण बनेगा
यूपी सरकार सभी 75 जिलों में विकास प्राधिकरण जैसी एजेंसी के साथ GIS मास्टर प्लान तैयार करा रही है, ताकि शहरों का सुनियोजित ढंग के विकास हो. सीवेज, बिजली-पानी, गैस, ट्रांसपोर्ट का मजबूत नेटवर्क बन सके. बढ़ती आबादी के लिए यहां हाईवे, एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल कॉरिडोर किनारे आवासीय परियोजनाएं विकसित की जाएंगी. जमीनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए सभी शहरों में GIS मास्टर प्लान बनेंगे और टाउन प्लानिंग स्कीम से भूमि अधिग्रहण के लिए लैंड बैंक बनेंगे. सीएम योगी ने हाल ही में स्टेट ट्रांसफारमेशन कमीशन की बैठक में भी राज्य के बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की.
एयरपोर्ट का भी जाल बिछेगा
यूपी के जेवर में दुनिया के सबसे बड़े पांच हवाई अड्डों में शुमार होने वाला नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का विस्तार हो रहा है. आगरा, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, गाजियाबाद के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार की योजना हर एक मंडल में एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 2047 तक बनाने की है.
ये भी पढ़ें - दिल्ली से 2 घंटे में लखनऊ, यूपी की पहली बुलेट ट्रेन में होंगे 13 स्टेशन, नोएडा-कानपुर से प्रयागराज-अयोध्या तक पूरा रूट
ये भी पढ़ें - यूपी में नमो भारत के 7 नए रूट बनेंगे, हापुड़-बुलंदशहर से मुजफ्फरनगर-बागपत तक कनेक्टिविटी, कानपुर-लखनऊ-अयोध्या रूट भी प्लान में
बड़े पैमाने पर शहरीकरण का लक्ष्य
यूपी सरकार के विजन डॉक्यूमेंट UP Urban Development Plan 2047 के मुताबिक, शहरीकरण आर्थिक विकास की रफ्तार बढ़ाने का ग्रोथ इंजन बनेगा. यूपी में शहरी आबादी को 25 से दो चरणों में बढ़ाकर 60 फीसदी किया जाएगा. पहले चरण में 2030 तक इसे 35 फीसदी करने के लिए 3 रीजनल इकोनॉमिक जोन तैयार होंगे. जबकि दूसरे चरण में प्रदेश में एनसीआर जैसे क्षेत्रीय आर्थिक हब बनेंगे.
स्मार्ट सिटी पर रहेगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के उभरते शहरों में ईज ऑफ लिविंग पर जोर देने को कहा है. वर्ष 2030 तक सभी अमृत शहरों में और चरणबद्ध तरीके से पूरे राज्य में 100 फीसदी पक्के मकान, स्वच्छ पानी, 247 बिजली,स्मार्ट सीवेज ट्रीटमेंट और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसे मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं