सूरत में भिड़ीं दो बसें, एक के परखच्चे उड़े, दूसरी में लगी आग; 7 की मौत

सूरत में महाराष्ट्र की दो बसें आपस में भिड़ गईं. इस दुर्घटना में एक बस पलट गई, जिसमें आग लग गई. इस दुर्घटना में 7 की मौत की खबर है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सूरत:

गुजरात में सूरत के बाद एक बड़ा हादसा हो गया है, जहां महाराष्ट्र की दो बसें आपस में भिड़ गईं. इस दुर्घटना में 7 लोगों के मारे जाने की खबर है. दुर्घटना के बाद एक बस में आग लग गई है. फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सूरत के बारडोली में उवा गांव के पास हुआ है. बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र नंबर की दो बसें आमने-सामने आ रही थीं, तभी दोनों में टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरस्त थी कि एक बस के परखच्चे उड़ गए, जबकि दूसरी पलट गई. पलटकर गिरी बस में आग लग गई है, जिसे बुझाने की कोशिश की जा रही है.

7 लोगों की मौत

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र राज्य परिवहन मंडल (MSRTC) की दो तेज रफ्तार बसों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस एक्सीडेंट में धुले के 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 12 से 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटना के बाद एक बस सड़क के किनारे पलट गई और उसमें अचानक भीषण आग लग गई.

Advertisement

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर पहले से ही एक टैंकर पलटा हुआ था.

तेज रफ्तार में आ रही महाराष्ट्र रिवहन की एक बस के चालक ने अचानक सामने आए उस पलटे हुए टैंकर को टक्कर मारने से बचाने की कोशिश की. 

Advertisement

इस कोशिश में चालक का बस के स्टीयरिंग से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया. अनियंत्रित हुई बस डिवाइडर को पार करते हुए रॉन्ग साइड विपरीत लेन में चली गई और सामने से बेहद तेज गति से आ रही दूसरी बस से जा टकराई. दोनों बसें काफी रफ्तार में थीं, जिसके कारण टक्कर का असर बेहद विनाशकारी रहा.

टक्कर के बाद एक बस अनियंत्रित होकर हाइवे के किनारे खड्ड में पलट गई. पलटने के कुछ ही मिनटों के भीतर बस आग का गोला बन गई. बस में आग लगने के कारण भीतर फंसे कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग , पुलिस और मेडिकल रेस्क्यू टीमें फौरन मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया और कटर की मदद से बस के मलबे को काटकर भीतर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला.

दोनों बसें महाराष्ट्र की, जांच शुरू

जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त हुई दोनों बसें महाराष्ट्र परिवहन मंडल की हैं, जिनके रजिस्ट्रेशन नंबर MH-18-BZ-1258 और MH-20-BL-3390 हैं. ये बसें सूरत-धुले रूट पर यात्रियों को लेकर जा रही थीं.

Advertisement

इस दर्दनाक हादसे में घायल हुए सभी 12 से 15 यात्रियों को तुरंत बारडोली के नजदीकी और विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसके कारण मृतक संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

(धुले से नागिंद मोरे का इनपुट)
 

Featured Video Of The Day
सत्ता छिनते ही 'स्ट्रीट फाइटर' बनीं ममता! TMC में बगावत के बीच धरने पर बैठीं