पीएम मोदी की रैली से पहले कोलकाता में TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, मंत्री शशि पांजा के घर पर पत्थरबाजी

चश्मदीदों के मुताबिक दोनों पार्टियों के समर्थकों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और नारे लगाए, जिससे इस व्यस्त इलाके में तनाव फैल गया.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • कोलकाता के गिरिश पार्क में TMC मंत्री डॉ. शशि पांजा के आवास पर BJP समर्थकों ने हमला कर पथराव किया
  • इस हमले में 50 से अधिक TMC कार्यकर्ता और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घायल हुए, स्थिति तनावपूर्ण थी
  • डॉ. शशि पांजा ने BJP कार्यकर्ताओं पर "बॉयकॉट बीजेपी" बैनर फाड़ने और समर्थकों से मारपीट करने का आरोप लगाया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता:

कोलकाता के गिरिश पार्क इलाके में राज्य मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की वरिष्ठ नेता डॉ. शशि पांजा के आवास से सामने आए दृश्यों ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है. डॉ. शशि पांजा ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने TMC समर्थकों पर हमला किया और पथराव किया. राज्य मंत्री डॉ. शशि पांजा ने कहा कि इस घटना में 50 से अधिक तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि पथराव के दौरान उनकी ओर एक बड़ा पत्थर फेंका गया, जिसके बाद उन्हें अंदर की ओर धकेल दिया गया. उनके अनुसार हालात बेहद तनावपूर्ण थे और हमला अचानक हुआ.

‘बॉयकॉट बीजेपी' बैनर फाड़ने का आरोप

डॉ. शशि पांजा ने BJP कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने “बॉयकॉट बीजेपी” का बैनर देखा, उसे फाड़ दिया और इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के साथ मारपीट की. उन्होंने कहा कि इसके बाद इलाके में पथराव शुरू हो गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. राज्य मंत्री के अनुसार, इस हिंसा के दौरान केवल TMC कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि हालात इतने बेकाबू थे कि पुलिस को भी चोटें आईं.

ये भी पढ़ें : कोलकाता में TMC का किला भेदेगी BJP, चुनावी ऐलान से पहले आज ब्रिगेड परेड ग्राउंड में PM मोदी की रैली, 56 सीटों पर सीधा असर

“कोलकाता में ऐसी गुंडागर्दी पहले कभी नहीं देखी”

डॉ. शशि पांजा ने कहा कि कोलकाता में इस तरह की गुंडागर्दी पहले कभी नहीं देखी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कानूनहीनता बंगाल में नहीं होती और जो कुछ भी हुआ, वह बेहद गंभीर है. TMC नेता ने कहा कि जानबूझकर तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों को निशाना बनाया. उनके अनुसार, यह पूरी घटना सुनियोजित थी और इसका उद्देश्य इलाके में डर का माहौल पैदा करना था.

Advertisement

अधिकारियों ने क्या बताया

अधिकारियों के अनुसार शनिवार को मध्य कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थकों के बीच झड़प हो गई. यह झड़प ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से लगभग आधे घंटे पहले हुई. इस दौरान एक पुलिस अधिकारी और BJP का एक नेता घायल हो गया. यह आरोप भी सामने आया कि गिरिश पार्क इलाके में पश्चिम बंगाल की मंत्री शशि पांजा के आवास पर पत्थर फेंके गए यह हिंसा रैली स्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर हुई.

ये भी पढ़ें : बंगाल में BJP का बड़ा दांव... पार्टी पोस्टरों की जगह काली मंदिर के साये में चुनावी हुंकार भरेंगे PM मोदी

Advertisement

बताया गया कि BJP समर्थक प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होने के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड की ओर मार्च कर रहे थे. यह सभा विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा' का समापन समारोह थी. चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों पार्टियों के समर्थकों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और नारेबाजी की, जिससे इस व्यस्त इलाके में तनाव फैल गया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में बोबाजार पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी बप्पादित्य नास्कर घायल हो गए.

बीजेपी का क्या दावा

BJP ने दावा किया कि उसके उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमाघ्नो घोष और पार्टी के कई कार्यकर्ता इस झड़प में घायल हुए. पार्टी नेताओं के अनुसार, तमाघ्नो घोष को बाद में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. BJP नेताओं ने आरोप लगाया कि रैली स्थल की ओर जा रहे उनके समर्थकों पर बिना किसी उकसावे के हमला किया गया. पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि झड़प के दौरान कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें रैली में समर्थकों को ले जा रही बसें भी शामिल थीं. हालांकि, TMC कार्यकर्ताओं ने इन आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि BJP समर्थकों ने ब्रिगेड रैली के रास्ते में गिरिश पार्क इलाके से गुजरते समय सबसे पहले मंत्री शशि पांजा के आवास पर हमला किया था.

(एएनआई और पीटीआई इनपुट्स के साथ)

Featured Video Of The Day
Bengal Elections: बंगाल में होगा 'जंगल राज' का अंत... Kolkata में बोले PM Modi | Mamata Banerjee