तिरुपति मंदिर में श्रद्धालु ने चढ़ाए 207 करोड़ के उपहार, CM नायडू की मौजूदगी में 121 KG सोना किया दान

इन स्वर्ण आभूषणों को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कीमती रत्नों का भी उपयोग किया गया है. आभूषणों में 238.2 कैरेट हीरे जड़े गए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
तिरुपति बालाजी को एक भक्त ने ऐतिहासिक उपहार दान किए हैं.
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • यह दान तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के इतिहास के सबसे बड़े और विशेष दानों में से एक माना जा रहा है
  • कुल 121 किलोग्राम 24 कैरेट सोने का उपयोग कर 46 आभूषण बनाए गए हैं, जिनमें हीरे और कीमती रत्न भी शामिल हैं
  • मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दानदाता परिवार की सराहना की और रांगनायकुला मंडपम में आभूषणों का अवलोकन किया

आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला मंदिर में गुरुवार को एक ऐसा दान हुआ जिसने श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. चेन्नई के समाजसेवी दंपति वर्धमान जैन और राधिका जैन ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 207.6 करोड़ रुपये मूल्य के 121 किलोग्राम सोने से बने आभूषण भेंट किए. इसे तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के इतिहास के सबसे बड़े और विशेष दानों में से एक माना जा रहा है.

यह पूरा कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में संपन्न हुआ. दंपति और उनके परिवार ने मंदिर में दर्शन करने के बाद इन बहुमूल्य आभूषणों को श्रद्धापूर्वक भगवान को समर्पित किया.

रांगनायकुला मंडपम में प्रदर्शित किए गए आभूषण

दर्शन के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दानदाता परिवार और अधिकारियों के साथ रांगनायकुला मंडपम में रखे गए स्वर्ण आभूषणों का अवलोकन किया. यहां कुल 46 आभूषण प्रदर्शित किए गए थे. मुख्यमंत्री ने दानदाता परिवार की सराहना करते हुए इसे श्रद्धा और भक्ति का अनूठा उदाहरण बताया.

इसके बाद परिवार के सदस्यों ने परंपरागत रीति से आभूषणों की थालियां सिर पर रखीं और ध्वजस्तंभ की परिक्रमा करते हुए गर्भगृह तक पहुंचे. वहां उन्होंने आभूषण भगवान वेंकटेश्वर के समक्ष रखकर पूजा-अर्चना की.

Advertisement

121 किलो सोने से तैयार किए गए 46 विशेष आभूषण

टीटीडी के अनुसार कुल 121 किलोग्राम 24 कैरेट सोने का उपयोग किया गया है. इनमें से 106 किलोग्राम सोना तिरुमला मंदिर के लिए 46 आभूषण बनाने में इस्तेमाल हुआ है. शेष 15 किलोग्राम सोना तिरुचानूर स्थित श्री पद्मावती अम्मावारी मंदिर के लिए विशेष वस्त्र और धार्मिक सज्जा तैयार करने में लगाया जाएगा. इन आभूषणों की कुल कीमत निर्माण लागत सहित 207.6 करोड़ रुपये आंकी गई है.

हीरे और बहुमूल्य रत्नों से बढ़ी भव्यता

इन स्वर्ण आभूषणों को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कीमती रत्नों का भी उपयोग किया गया है. आभूषणों में 238.2 कैरेट हीरे जड़े गए हैं. इसके अलावा 2,247.7 कैरेट अन्य कीमती पत्थर, 91.6 कैरेट ब्लू सैफायर, 84.2 कैरेट येलो सैफायर तथा करीब 2.9 किलोग्राम रूबी और पन्ना लगाए गए हैं. इनमें शालिग्राम पत्थरों का भी उपयोग किया गया है.

Advertisement

मुकुट से लेकर हार और कवच तक शामिल

दान में दिए गए आभूषणों में मुकुट, स्वर्ण हार, तुलसी पत्र पुष्पम, अष्टोत्तर शतनाम हार, चतुर्भुज लक्ष्मी हार, शालिग्राम हार, नागाभरण, कमरबंद, कंगन, बाजूबंद, कानों के आभूषण, स्वर्ण पुष्प, पाद कवच, शंख कवच और चक्र कवच जैसे कई विशेष धार्मिक आभूषण शामिल हैं. कुल मिलाकर 33 प्रकार के 46 आभूषण भगवान वेंकटेश्वर की सेवा और श्रृंगार के लिए समर्पित किए गए हैं. मंदिर प्रशासन का मानना है कि यह दान सिर्फ आर्थिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि धार्मिक आस्था और समर्पण के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है.

यह भी पढ़ें | तिरुपति बालाजी मंदिर में 160 करोड़ का सोना दान करेगा बिजनेसमैन, 121 किलो गोल्ड ट्रक में लदकर पहुंचा

Featured Video Of The Day
सीटों पर सपा का 'शक्तिप्रदर्शन' ओवैसी-चंद्रशेखर किसके लिए चैलेंज?

Topics mentioned in this article
Tirumala Temple
Tirupati Balaji
Sri Venkateswara Swamy

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं