- तेलंगाना नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस ने 86 मेयर या चेयरपर्सन पदों पर जीत हासिल कर जबरदस्त जीत हासिल की है.
- बीआरएस नेता टी हरीश राव ने कांग्रेस और भाजपा पर इन चुनावों में गुप्त समझौते का आरोप लगाया है.
- हरीश राव ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने कई नगरपालिकाओं में बीआरएस को सत्ता से बाहर रखने के लिए मिलकर काम किया.
तेलंगाना निकाय चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है. तेलंगाना के 112 नगर निकायों के चुनाव परिणामों ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को खुश होने का मौका दे दिया है. कांग्रेस ने 86 मेयर या चेयरपर्सन के पदों पर जीत हासिल कर अपना दबदबा बनाया है. हालांकि पूर्व मंत्री और बीआरएस नेता टी. हरीश राव ने भाजपा और कांग्रेस पर मिलीभगत का बड़ा आरोप लगाया है. राव ने कहा कि कई नगरपालिकाओं में कांग्रेस और बीजेपी ने बीआरएस को सत्ता से बाहर रखने के लिए गुप्त समझौता किया और एक-दूसरे का समर्थन किया.
तेलंगाना नगर निकाय चुनाव में बीआरएस के वरिष्ठ नेता टी. हरीश राव कांग्रेस और भाजपा पर जमकर बरसे. उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना की कई नगरपालिकाओं में बीआरएस को सत्ता से बाहर रखने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने मिलकर काम किया. सोमवार को घोषित शहरी स्थानीय निकायों के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए राव ने कहा कि इसने दोनों राष्ट्रीय दलों के बीच की राजनीतिक मिलीभगत को उजागर कर दिया है.
राष्ट्रीय स्तर पर हमले, तेलंगाना में सहयोग
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर हमले कर रही हैं, वहीं तेलंगाना में स्थानीय स्तर पर वे कथित तौर पर सहयोग कर रही हैं. हरीश राव ने आरोप लगाया कि नरसपुर, सिरपुर, कागजनगर, अलीबाद, मेटपल्ली और अमंगल जैसी नगरपालिकाओं में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनावों के दौरान कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे का समर्थन किया.
उन्होंने दावा किया कि कुछ स्थानों पर बीआरएस ने बड़ी संख्या में वार्ड जीते, इसके बावजूद राजनीतिक मिलीभगत और अनैतिक समझौतों के कारण उसे नेतृत्व के पद नहीं दिया गया.
CM रेवंत रेड्डी पर दोहरे मापदंड का आरोप
हरीश राव ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस का रुख भाजपा के खिलाफ राहुल गांधी के रुख के विपरीत है. उन्होंने कहा कि बीआरएस राज्य के नगर निकायों में जिसे वह "अपवित्र गठबंधन" कहती है, अपनी आवाज उठाती रहेगी.
ये रहा चुनाव परिणाम
123 शहरी स्थानीय निकायों (नगर पालिकाओं और निगमों) में से 112 के आधिकारिक रूप से घोषित परिणामों के अनुसार:
मेयर/चेयरपर्सन:
- कांग्रेस: 86
- बीआरएस: 18
- भाजपा: 2
- सीपीआई: 1
- एआईएफबी: 1
- निर्दलीय: 4
डिप्टी मेयर/वाइस-चेयरपर्सन:
- कांग्रेस: 84
- बीआरएस: 14
- भाजपा: 5
- एआईएमआईएम: 3
- निर्दलीय: 4
- सीपीएम: 1
- एआईएफबी: 1
चुनाव अधिकारियों ने 11 नगरपालिकाओं येल्लंदू, सुल्तानाबाद, इब्राहिमपटनम, कागजनगर, केतनपल्ली, खानपुर, जहीरबाद, इंद्रेशम, द्रोनाकल, जंगांव और थोरूर में चुनाव स्थगित कर दिए.














