- तमिलनाडु के त्रिची में डीएमके का 12वां राज्य सम्मेलन लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में आयोजित होगा
- सम्मेलन के लिए 1100 स्वयंसेवक भोजन बनाने और पैकिंग का कार्य कर रहे हैं
- यह कार्यक्रम स्टालिन थोडरतुम, तमिलनाडु वेट्री पेराट्टुम थीम पर आधारित है
तमिलनाडु में इसी साल विधानसभा चुनाव हैं. सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के लिए दोबारा वापसी करना एक चैलेंज है. इसी बीच आज त्रिची में डीएमके का महाजुटान होने वाला है. पार्टी के 12वें राज्य सम्मेलन में करीब 10 लाख कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है.इस भव्य कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था है. करीब 400 एकड़ में होने वाले इस सम्मेलन के लि 1100 लोगों को भोजन बनाने के लिए लगाया गया है 12वें राज्य सम्मेलन में सीएम एमके स्टालिन कई घोषणाएं भी कर सकते हैं.
400 एकड़ में होगा कार्यक्रम, 1100 स्वयंसेवक बना रहे भोजन
तमिलनाडु के त्रिची में होने वाले कार्यक्रम के लिए तैयारियां भी जोरों-शोरों से हो रही हैं. द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के 12वें राज्य सम्मेलन में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के लिए खाने की तैयारी तेजी से चल रही है.करीब 1100 स्वयंसेवक कार्यकर्ताओं के लिए भोजन बना रहे हैं और पैकिंग कर रहे हैं.
सम्मेलन स्थल त्रिची–चेन्नई नेशनल हाईवे के पास सिरुगनूर में लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में बनाया जा रहा है. इसके अलावा 200 एकड़ जमीन सिर्फ वाहन पार्किंग के लिए रखी गई है. बता दें कि तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों से लगभग 10 लाख कार्यकर्ताओं के इस बड़े कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है.
इस थीम पर आधारित है आज का कार्यक्रम
"स्टालिन थोडरतुम, तमिलनाडु वेट्री पेराट्टुम" (स्टालिन का शासन जारी रहे, तमिलनाडु की विजय हो) विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में तमिलनाडु भर से बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित होंगे. सम्मेलन दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें मुख्य राजनीतिक कार्यवाही से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. डीएमके अध्यक्ष व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे और उनके शाम 5:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है.
स्टालिन के भाषण में डीएमके सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालने और विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की राजनीतिक रणनीति की रूपरेखा प्रस्तुत करने की उम्मीद है.पार्टी सूत्रों के अनुसार, स्टालिन सम्मेलन के दौरान महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर सकते हैं. उपमुख्यमंत्री और डीएमके युवा विंग के सचिव उदयनिधि स्टालिन सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे.
ड्रोन चलाने पर प्रतिबंध
मुख्य राजनीतिक सत्र शुरू होने से पहले कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जिनमें प्रसिद्ध फिल्म संगीतकार देवा और गायक अब्दुल खुद्धस के संगीत कार्यक्रम शामिल हैं. इस बीच, मुख्यमंत्री के दौरे और बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने के मद्देनजर तिरुचि जिला प्रशासन ने पूरे जिले में ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है. जिला कलेक्टर वी. सरवनन ने चेतावनी दी कि प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए ड्रोन या अन्य मानवरहित हवाई वाहन चलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.यह सम्मेलन डीएमके के लिए अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव अभियान की दिशा तय करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करेगा














