- तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं और बहुमत के लिए 118 सीटें जीतना आवश्यक है
- अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्रि कझगम ने चुनाव में भारी प्रभाव छोड़ने की संभावना जताई है
- एग्जिट पोल के अनुसार टीवीके को 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान है जो सियासी समीकरण बदल सकता है
Tamil Nadu election Results: तमिलनाडु की राजनीति में थलापति विजय की टीवीके ने सारे समीकरण बदल दिये हैं. चुनावी पंडितों का अनुमान है कि विजय, तमिलनाडु की राजनीति में धमाकेदार एंट्री कर सकते हैं. इससे राज्य का सियासी समीकरण बदल सकता है, जो मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के लिए शुभ संकेत नहीं है. कुछ एग्जिट पोल्स में टीवीके को 98 से 120 सीटों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है, अगर ये आंकड़े सही साबित हुए, तो विजय तमिलनाडु चुनाव के भी 'हीरो' बन सकते हैं. वोटों की गिनती कुछ देर में शुरू होने वाली है. कुछ ही देर में पता चल जाएगा कि विजय की टीवीके तमिलनाडु में कितना असर दिखा पाई है.
तमिलनाडु में सीटों का गणित
तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 118 है. ज्यादातर एग्जिट पोल्स ये दावा कर रहे हैं कि इस बार राज्य में डीएमके की वापसी होने जा रही है. लेकिन कुछ एग्जिट पोल्स ये भी दावा कर रहे हैं कि AIADMK 22 से 32 सीटों हासिल कर सकती है. ऐसे में टीवीके के विजय की भूमिका काफी अहम हो जाएगी. तमिलनाडु में अब सबसे ज्यादा दिलचस्प ये देखना होगा कि विजय की झोली में कितनी सीटें आती हैं. अगर विजय 100 के आसपास सीटें जीतने में सफल रहते हैं, तो राज्य का पूरा सियासी समीकरण बदल जाएगा.
Photo Credit: ANI
EXIT POll किस ओर कर रहे इशारा
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आए एग्जिट पोल्स अगर सही साबित हुए, तो इस बार राज्य में बड़ा खेला होने जा रहा है. Axis My India के एग्जिट पोल में तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी TVK इस बार बड़ा खेला कर सकती है. एग्जिट पोल में TVK को 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान है. एमके स्टालिन की डीएमके को 92 से 110 सीटें मिल सकती हैं. वहीं, ADMK को 22 से 32 सीटें मिलने के आसार हैं. तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं और बहुमत के लिए 118 सीटें जीतना जरूरी है. अगर एग्जिट पोल के नतीजे सही साबित होते हैं तो तमिलनाडु में पहली बार चुनावी मैदान में उतरी TVK सरकार भी बना सकती है.
टीवीके ने ‘रिसॉर्ट राजनीति' की तैयारी की
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में संभावित त्रिशंकु जनादेश की आशंका को देखते हुए अभिनेता-राजनेता सी. जोसेफ विजय ने अपनी पार्टी की स्थिति मजबूत करने के लिए पहले ही कदम उठा लिए हैं. तमिलगा वेट्ट्रि कझगम (टीवीके) ने चुनाव रिजल्ट से पहले संभावित 'रिसॉर्ट राजनीति' की तैयारी शुरू कर दी है. एग्जिट पोल के नतीजे कांटे की टक्कर के संकेत दे रहे हैं- कुछ डीएमके नेतृत्व वाले गठबंधन के पक्ष में हैं, तो कुछ एआईएडीएमके गठबंधन की बढ़त दिखा रहे हैं, जबकि कुछ टीवीके के मजबूत एंट्री का अनुमान लगा रहे हैं. ऐसे में विजय ने अपनी पार्टी के विजयी उम्मीदवारों को रिजल्ट के बाद किसी तरह के ‘टूट-फूट' से बचाने के लिए कदम उठाए हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, महाबलीपुरम के पास पूंजेरी में एक निजी रिसॉर्ट में निर्वाचित विधायकों को ठहराने की व्यवस्था की गई है. यह रिसॉर्ट 100 से अधिक लोगों को ठहरा सकता है और इसे परिणाम घोषित होते ही टीवीके के विजयी उम्मीदवारों को रखने के लिए तैयार किया जा रहा है. अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, विजय ने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे संभावित कड़े चुनावी मुकाबले के बाद स्थिति को संभाला जा सके.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की एंटी एक हीरो की तरह हुई है. चुनाव के दौरान माहौल भी खूब बना. एग्जिट पोल्स भी विजय के पक्ष में जाते नजर आ रहे हैं. लेकिन अब देखना ये है कि चुनाव के नतीजे क्या कहते हैं? कुछ देर में ही चुनाव के नतीजे आने शुरू हो जाएंगे.














