- BJP ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 27 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी की है.
- केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को अविनासी (SC) विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.
- के. अन्नामलाई इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन संगठनात्मक और प्रचार कार्यों में अहम भूमिका निभाएंगे.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एनडीए सहयोगी एआईएडीएमके के साथ सीट साझा समझौते के तहत 27 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में पार्टी के कई बड़े और चर्चित चेहरे शामिल हैं.
केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन मैदान में
बीजेपी के केंद्रीय मंत्री (राज्य) और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एल. मुरुगन को अविनासी (SC) विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. पार्टी ने उन्हें एक प्रमुख चेहरे के तौर पर चुनाव मैदान में उतारते हुए दलित और पश्चिमी तमिलनाडु क्षेत्र पर फोकस दिखाया है.
चुनाव नहीं लड़ रहे अन्नामलाई
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठनात्मक रणनीति और प्रचार-प्रबंधन में उनकी भूमिका अहम रहेगी, लेकिन उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं है.
तमिलनाडु चुनाव में भाजपा की लिस्ट आने के बाद अन्नामलाई ने पोस्ट कर उम्मीदवारों को बधाई दी है. साथ ही उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में, वे आगामी विधानसभा चुनावों में NDA को 210 सीटें दिलाने के उद्देश्य से, सभी विजयी BJP और अन्य NDA उम्मीदवारों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार करेंगे.
यह भी पढ़ें- चक्का जाम, DL रिन्यू में देरी या झूठा अलार्म देना अब जुर्म नहीं... आम आदमी की जिंदगी आसान करेगा जन विश्वास बिल
पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन चुनाव लड़ेंगीं
तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ बीजेपी नेता तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. पार्टी ने शहरी और महिला वोटरों के बीच उनकी स्वीकार्यता को ध्यान में रखकर यह दांव चला है.
वानती श्रीनिवासन, नैनार नागेंद्रन समेत कई बड़े चेहरे
सूची में कोयंबटूर नॉर्थ से वानती श्रीनिवासन, सत्तूर से नैनार नागेंद्रन, नागरकोइल से एम.आर. गांधी और विलावनकोड से विजयधारणी जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं.
महिलाओं को भी प्रमुख प्रतिनिधित्व
बीजेपी की सूची में कई महिला उम्मीदवारों को जगह दी गई है, जिनमें
- डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन (मायलापुर)
- वानती श्रीनिवासन (कोयंबटूर नॉर्थ)
- कीर्तिका शिवकुमार (मोडक्कूरिची)
- कविता श्रीकांत (अरंथांगी)
- विजयधारणी (विलावनकोड) शामिल हैं.
लिस्ट के कुछ प्रमुख चेहरे
- अवाड़ी- एम. राजसिंह महिंद्रा
- मायलापुर- डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन
- अविनाशी (एससी)- डॉ. एल. मुरुगन
- कोयंबटूर नॉर्थ- वानती श्रीनिवासन
- तिरुवन्नामलाई- सी. एलुमलाई
- सत्तूर- नैनार नागेंद्रन
- नागरकोइल - एम.आर. गांधी
- विलावनकोड- विजयधारणी
एनडीए में बीजेपी की रणनीति
NDA के तहत बीजेपी को 27 सीटें मिली हैं, जिनमें मायलापुर, अविनासी, कोयंबटूर नॉर्थ, नागरकोइल, विलावनकोड, रामनाथपुरम सहित शहरी, पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं. पार्टी सीमित लेकिन रणनीतिक सीटों पर मजबूत चेहरों के साथ चुनाव लड़ रही है. मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा और मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी.













