- हरियाणा पुलिस ने बादशाह के खिलाफ विवादित सॉन्ग को लेकर आउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है
- पंचकूला साइबर थाना ने बादशाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और महिला संरक्षण कानून के तहत FIR दर्ज की है
- सॉन्ग में नाबालिग बच्चियों को स्कूल यूनिफॉर्म में गलत तरीके से दिखाने और आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप है
सिंगर और रैपर बादशाह अपने एक सॉन्ग को लेकर मुसीबत मे फंस गए हैं. हरियाणा पुलिस उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी में हैं, जिससे वह देश छोड़कर न जा सकें. मामला उनके न्यू लॉन्ग टटीरी से जुड़ा है. इस सॉन्ग में कई विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिस पर बवाल काफी बढ़ गया है. पंचकूला पुलिस ने उनके खिलाफ FIR भी दर्ज की है. पुलिस ने बादशाह के न्यू सॉन्ग के वीडियो को सभी सोशल मीडिया से हटवाने के लिए नोटिस जारी किया है. साथ ही इस गाने को यूट्यूब से हटवा दिया गया है.
ये भी पढें- रैपर बादशाह के गीत 'टटिहरी' पर विवाद, आपत्तिजनक शब्दों पर महिला आयोग ने जारी किया समन
बादशाह पर क्यों दर्ज हुई FIR?
बादशाह के खिलाफ पंचकूला के साइबर थाना सेक्टर-20 में भारतीय न्याय संहिता और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है. साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से पेश किया गया है. इसके साथ ही सॉन्ग में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल पाया गया है.
हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल के इस्तेमाल की जांच
जांच में पता चला है कि बादशाह के न्यू सॉन्ग वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है. पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या इसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं. अगर बिना अनुमति बस का इस्तेमाल सॉन्ग में पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120-बी के तहत भी कार्रवाई की जाएगी.
सॉन्ग वीडियो में एक एक सरकारी स्कूल भी दिखाया गया है. इस बात की भी जांच हो रही है कि वहां शूटिंग के लिए क्या किसी अधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं. अगर बिना अनुमति सरकारी स्कूल का इस्तेमाल गाने में पाया गया तो इस मामले में भी जिम्मेदारों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा.
बादशाह को नोटिस, लटकी गिरफ्तारी की तलवार
पंचकूला पुलिस ने बादशाह को नोटिस जारी कर पुलिस के सामने तुरंत पेश होने का निर्देश दिया है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं. ये टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं. वह देश से बाहर न जा सकें इसके लिए लुक आउट सर्कुलर भी जारी करने की तैयारी चल रही है.
सोशल मीडिया से सॉन्ग वीडियो हटवाने की तैयारी
पंचकूला पुलिस ने बादशाह के न्यू सॉन्ग वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं, ताकि ये और ज्यादा सर्कुलेट न हो सके. पुलिस ने बादशाह के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से विवादित सॉन्ग को टेकडाउन करा दिया है. अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया हैंडल्स से भी इसे हटवाने की कोशिश की जा रही है.
सॉन्ग वीडियो शेयर करने वालों पर भी होगा एक्शन
पंचकूला पुलिस ने साफ-साफ चेतावनी दी है कि अगर कोई भी इस विवादित सॉन्ग से संबंधित रील या वीडियो बनाकर या इसे शेयर कर सर्कुलेट करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.














