IRS Daughter Murder Delhi: दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की नृशंस हत्या और दुष्कर्म के मामले में साकेत कोर्ट ने आरोपी राहुल मीणा को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. दिल्ली पुलिस अब इस रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ करेगी ताकि वारदात की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके.
आरोपी को कोई पछतावा नहीं
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद राजस्थान निवासी आरोपी राहुल मीणा के चेहरे पर पछतावे का कोई निशान नहीं है. पूछताछ के दौरान उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि वह सिर्फ पैसे लूटने गया था और "यह सब बस हो गया." उसने जांच अधिकारियों से यहाँ तक कह दिया कि "अगर दीदी पैसे दे देतीं, तो यह सब नहीं होता." हैरानी की बात यह है कि आरोपी इसी घर में घरेलू सहायक के तौर पर काम करता था. परिवार उस पर इतना भरोसा करता था कि उसे 20,000 रुपये मासिक वेतन और समय-समय पर बोनस भी दिया जाता था.
सिविल सेवा की तैयारी कर रही थी बिटिया
IRS अधिकारी की बेटी IIT दिल्ली से कंप्यूटर इंजीनियर थी. वह अपने माता-पिता के सिविल सेवक बनने के सपने को पूरा करने के लिए जी-जान से जुटी हुई थी. अपनी पढ़ाई में कोई बाधा न आए, इसके लिए उसने करीब दो साल पहले घर की छत पर बने एक अलग कमरे को अपना स्टडी रूम बनाया था. उसी में यूपीएससी की तैयारी कर रही थी. कमरा किताबों, नोट्स और एग्जाम शेड्यूल से भरा हुआ था. लेकिन उसी एकांत का फायदा उठाकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
साजिश और दरिंदगी की पूरी कहानी
दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी.
- धोखे से एंट्री: आरोपी ने 'आंटी ने पैसे देने के लिए बुलाया है' का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया.
- हमला और दुष्कर्म: आरोपी ने पहले छात्रा का गला घोंटने की कोशिश की. जब वह बेहोश हो गई, तो उसके साथ दुष्कर्म (संदेह के आधार पर) किया गया. इसके बाद उसने किसी भारी वस्तु से छात्रा पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई.
- डिजिटल लॉक खोलने की कोशिश: लूट को अंजाम देने के लिए आरोपी ने मृतका की उंगली का इस्तेमाल कर डिजिटल लॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा. बाद में उसने पेचकस से ताला तोड़ा.
- फर्जी कॉल का नाटक: वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया और सड़क पर चलते हुए फर्जी कॉल पर बात करने का नाटक किया ताकि किसी को शक न हो.
साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना और अपने परिवार का मोबाइल फोन बेच दिया था ताकि कोई डिजिटल फुटप्रिंट न रहे. चोरी के पैसों का इस्तेमाल उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी में किया और वह अपने गांव भागने की फिराक में था. वह पालम रेलवे स्टेशन भी पहुंचा, लेकिन ट्रेन छूटने के कारण उसने ऑटो लिया और एक होटल में छिप गया, जहाँ से उसे दबोच लिया गया.
ये भी पढ़ें-:
दोस्त के साथ गया शादी में और उसी की पत्नी से किया रेप, IRS की बेटी की हत्या से पहले अलवर में आरोपी की करतूत
IRS Daughter Murder: 'बस गेम खेलता था, और कोई ऐब नहीं था' आरोपी की मां ने बताया क्या हुआ था अलवर में














