कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए, एक गिरफ्तार

पुलिस अधिकारी ने बताया कि, यह खेप प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट के लिए थी

विज्ञापन
Read Time: 10 mins
जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकी संगठन के लिए भेजे गए हथियार और ड्रग्स बरामद की गई.
श्रीनगर:

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और मादक पदार्थ बरामद किए गए. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि हथियार और मादक पदार्थ घाटी में एक आतंकवादी संगठन के लिए थे.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उस विशेष सूचना के आधार पर कि कुपवाड़ा के करनाह के चटकड़ी इलाके में दो व्यक्तियों द्वारा हथियारों, गोला-बारूद और मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप की तस्करी की गई है, वहां सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान चटकड़ी निवासी उमर अजीज नामक व्यक्ति को पकड़ा गया.

अधिकारी ने बताया कि लगातार पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसे अपने सहयोगी के साथ हथियारों, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की खेप मिली थी. उन्होंने बताया कि इसके बाद विस्तृत तलाशी ली गई और गरंगनार्ड चटकड़ी के निकट नशीले पदार्थों, हथियारों और गोला-बारूद की एक बड़ी खेप बरामद की गई.

अधिकारी ने बताया कि बरामद किए गए सामान में पांच पिस्तौल, पिस्तौल की 10 मैगजीन, पिस्तौल की 77 गोलियां, चार हथगोले और हेरोइन जैसे पदार्थ के 9.450 किलोग्राम वजन के 10 पैकेट शामिल हैं.

Advertisement

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और इस संबंध में जांच की जा रही है. अधिकारी ने बताया कि सूचना के मुताबिक, यह खेप प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट के लिए थी.

Featured Video Of The Day
Iran Dancing Missile Attack: Israel के Iron Dome को तबाह करने वाली Sejjil Missile | Middle East War
Topics mentioned in this article