- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं और उनका यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है.
- बिहार में कैबिनेट विस्तार होना है. माना जा रहा है कि इसे लेकर उन्होंने भाजपा नेतृत्व से चर्चा की है.
- सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं से मुलाकात की.
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली के दौरे पर हैं. बिहार के सम्राट कैबिनेट का विस्तार होना है. ऐसे में सम्राट चौधरी का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि दिल्ली दौरे पर आए सीएम सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा नेतृत्व से चर्चा की. माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व से चर्चा के बाद ही नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी. दिल्ली दौरे के दौरान सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं से मुलाकात की. उन्होंने खुद इसकी जानकारी एक्स पोस्ट के जरिए दी है.
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सुरक्षा, सुशासन एवं बिहार के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया.
राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा से भी मिले
सीएम चौधरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की. सोशल मीडिया पर उन्होंने इस मुलाकात को लेकर कहा कि उनके समृद्ध अनुभव और मार्गदर्शन से "विकसित बिहार" के विजन को लेकर विशेष चर्चा हुई.
साथ ही सम्राट चौधरी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. सोशल मीडिया पर मुलाकात की फोटो साझा करते हुए चौधरी ने बताया कि बिहार में आधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई.
ये भी पढ़ें: बिहार में किसके इशारे पर चल रही सम्राट चौधरी की सरकार? विजय चौधरी ने किया बड़ा खुलासा
Photo Credit: IANS
बिहार के विकास को गति देने पर चर्चा: चौधरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद चौधरी ने एक्स पर कहा कि रेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी और बिहार के समग्र विकास को गति देने के विषय पर सार्थक चर्चा हुई. उनके मार्गदर्शन से नई संभावनाओं को बल मिलेगा.
उन्होंने अपने दूसरे 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार मुलाकात कर बिहार के आर्थिक विकास, समग्र उन्नयन और प्रगति के विभिन्न आयामों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई."
इन नेताओं से भी मिले सम्राट चौधरी
इससे पहले मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, बिहार प्रभारी और राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े से शिष्टाचार भेंट की.
सम्राट चौधरी बिहार एनडीए के नेताओं में शामिल जीतन राम मांझी, ललन सिंह और नित्यानंद राय से भी मिले. उन्होंने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें भी शेयर की हैं. चौधरी ने केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से मिलने के बाद इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया.
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मिलने के बाद उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "नई दिल्ली में आत्मीय भेंट और सार्थक मुलाकात हुई. इस दौरान 'विकसित भारत, समृद्ध बिहार' के विजन को लेकर सकारात्मक और परिणामोन्मुखी चर्चा हुई."
केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता ललन सिंह से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए सीएम ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "बिहार से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई और राज्य के समग्र विकास को गति देने के लिए सहयोग व समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया."
कैबिनेट विस्तार में भाजपा-जेडीयू को 16-16 मंत्री पद!
बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार होना है. बीजेपी जेडीयू के फार्मूले के अनुसार, दोनों के पास सोलह-सोलह मंत्री पद रहने की संभावना है. वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास जो विभाग हैं, वे बीजेपी कोटे से बनने वाले मंत्रियों को और जेडीयू के दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पास के विभाग जेडीयू कोटे से बनने मंत्रियों को दिए जाएंगे.
बता दें कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होना बाकी है. सीएम सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. वह राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं. उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी.














