- उत्तराखंड के ऋषिकेश स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और एक बोगी पलट गई
- हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री नहीं था, केवल लोको पायलट ही मौजूद था और कोई घायल नहीं हुआ
- शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की वजह से ट्रेन हादसे की संभावना जताई गई है, रेलवे ने जांच शुरू की
उत्तराखंड के ऋषिकेश में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है. योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन पर सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे उज्जैनी एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई. ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसा इतना भयानक था कि एक बोगी पटरी से बिल्कुल अलग होकर पलट गई और करीब 20 फुट तक ट्रैक से बाहर लटक गई. हादसे का शिकार हुई इस ट्रेन की डराने वाली तस्वीरें भी सामने आई हैं. गमीनत रही कि हादसे के वक्त ट्रेन में कोई सवार नहीं था. रेलवे ने जांच शुरू कर दी है.
कैसे हुआ हादसा?
शुरुआती जांच से पता चलता है कि रूटीन मेंटेनेंस के दौरान ट्रेन के ब्रेक फेल हो गए थे. पूरी ट्रेन के संचालन को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं. आरोप है कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ढाई घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचे. यह ट्रेन आज सुबह करीब 6 बजे रवाना होने वाली थी. कल रात करीब 9.23 बजे स्टेशन यार्ड में ट्रेन का ट्रैक बदला जा रहा था. हादसे के समय ट्रेन में केवल लोको पायलट मौजूद था. दुर्घटना के बाद पटरियों पर भारी भीड़ जमा हो गई. GRP के जवानों ने मोर्चा संभाला और लोगों को घटनास्थल से हटाया. रेलवे विभाग ने जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, मौके पर रेलवे के अधिकारी मौजूद हैं. फिलहाल क्षतिग्रस्त बोगियों को ट्रैक से हटाने का काम चल रहा है. ट्रेन के पटरी से उतरने की घटना रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. रेलवे का कहना है कि इस हादसे की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है.
3 दिनों में 4 हादसे?
यह पहला ऐसा हादसा नहीं है. पिछले कुछ दिनों में कई ट्रेन हादसे हुए हैं, जो रेलवे की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़ा करते हैं. इससे पहले कल सुबह ही बिहार से सासाराम रेलवे स्टेशन पर पटना जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई. वहीं रविवार 17 मई को त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 (B1) एसी कोच में सुबह करीब साढ़े पांच बजे आलोट और लूणीरिच्छा स्टेशनों के बीच अचानक आग लग गई. इसके अलावा शुक्रवार 15 को हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस के दो खाली एसी कोच (B1 और B2) में आग लग गई थी, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ था.
यह भी पढ़ें: तीन दिन में तीन ट्रेनों में लगी आग, पैसेंजर से लेकर राजधानी तक शिकार, सुरक्षा पर उठे सवाल














