आरजी कर रेप केस की पीड़िता की मां को मिला टिकट, तृणमूल ने पैरेंट्स पर ही उठाए सवाल

पीड़िता की मां ने कहा था कि वह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव BJP उम्मीदवार के तौर पर लड़ना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि उनका मकसद राजनीतिक रास्ते से TMC सरकार को हटाना है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

आरजी कर केस की रेप पीड़िता की मां को उम्मीदवार घोषित किए जाने पर टीएमसी ने प्रतिक्रिया दी. बंगाल चुनाव में बीजेपी ने रत्ना देबनाथ को उम्मीदवार घोषित किया है . वह पानीहाटी सीट से चुनाव लड़ेंगी. अगस्त-2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में 31 वर्षीय महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना सामने आई थी. इस घटना ने पूरे देश में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया था. 

हमारी उनके साथ सहानुभूति- टीएमसी  

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने इस बारे में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीड़िता के नाम पर राजनीति की जा रही है. उन्होंने कहा, "अभया की माता जी भाजपा की कैंडिडेट बन गई हैं, हम उनका पूरा सम्मान करते हैं. हमारी उनके साथ सहानुभूति है. लेकिन एक बात स्पष्ट है कि राजनीति की वजह से उन्होंने खुद का सम्मान कम कर दिया है. अभया के रेप और मर्डर की हमने पूरी निंदा की थी." 

TMC बोली- सीबीआई ने कोलकाता पुलिस की जांच को सही ठहराया  

टीएमसी ने सवाल पूछा कि कोलकाता पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार किया. उसके माता-पिता ने सीबीआई जांच की मांग की थी. हमने उसकी भी सिफारिश की. लेकिन सीबीआई ने कहा कि कोलकाता पुलिस ने जो किया सही किया. उन्होंने कहा, "ट्रायल कोर्ट, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तीनों ने इस इन्वेस्टिगेशन को मॉनिटर किया और इसे सही बताया. बाद में माता-पिता ने कहा कि सीबीआई न्याय नहीं दे रही और वह जांच से संतुष्ट नहीं हैं. तो सीबीआई किसकी है? और अब आप भाजपा की ही कैंडिडेट बन गई हैं."

बीजेपी के साथ जाने पर पूछा सवाल

कुणाल घोष ने कहा, "हमने मीडिया में देखा कि आप लोगों ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राष्ट्रपति से भी अपॉइंटमेंट मांगा था, लेकिन आपको नहीं मिला और इग्नोर किया गया. अब आप उसी पार्टी के साथ चले गए. इस पर अब सवाल तो होगा ही. जस्टिस के लिए भाजपा ने उन्नाव, हाथरस, मणिपुर, दिल्ली, ओडिशा किसी भी घटना में न्याय नहीं किया. जिस भाजपा के एमपी बृजभूषण शरण सिंह हैं, अब आप उस पार्टी की उम्मीदवार बनके जस्टिस मांग रहे हैं? एक लड़की की मौत को लेकर आपने राजनीति कर दी. यह आपका डेमोक्रेटिक राइट है. लेकिन ये सवाल को जवाब देना होगा कि जिस सीबीआई के आप खिलाफ़ थे, अब आप उसी पार्टी के उम्मीदवार बन गए हैं, तो इसके पीछे क्या है?" 

Advertisement

पहले भी मिल चुका है चुनाव लड़ने का प्रस्ताव

पीड़िता की मां ने कहा था कि वह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव BJP उम्मीदवार के तौर पर लड़ना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि उनका मकसद राजनीतिक रास्ते से TMC सरकार को हटाना है. उन्हें पहले भी BJP से प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने बताया कि उस समय वह मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने उनकी बेटी के मामले में जांच और न्याय की प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की थी.

Featured Video Of The Day
180 लड़कियां, 350 वीडियो और एक साजिश, अमरावती केस ने सबको चौंकाया