झारखंड के रांची में हो रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर आई है. JPSC वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए सरकार बड़ा फैसला ले सकती है. जानकारी के मुताबिक, सरकार इस मामले में ईडी से जांच करवा सकती है. रांची में पिछले पंद्रह दिनों से छात्र प्रोटेस्ट कर रहे हैं. आज यानी 9 अगस्त को विरोध प्रदर्शन का 16वां दिन है. छात्रों की मांगों में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा 2 जुलाई को आयोजित 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करना शामिल है. वे कथित परीक्षा अनियमितताओं की या तो सीबीआई या रिटायर्ड जज के नेतृत्व वाले पैनल से स्वतंत्र जांच की भी मांग कर रहे हैं.
छात्रों के डेलिगेशन और सरकार के बीच आज भी बातचीत में हल निकलने की उम्मीदें जताई जा रही हैं. परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध कर रहे छात्रों और झारखंड सरकार के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का छठा दौर चल रहा है. यह बैठक रांची में राज्य के गेस्ट हाउस में हो रही है. लेफ्ट समर्थित संगठन AISA के सदस्य भी इस बातचीत में शामिल हैं. दो हफ्ते के जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन के बाद भी पिछली पांच दौर की बातचीत में गतिरोध का कोई समाधान नहीं निकल पाया, लेकिन झारखंड के एक मंत्री ने कहा कि छात्रों की चिंताएं जायज थीं.
एक और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा है कि कल सीएम सोरेन के साथ हुई बैठक में यह तय किया गया कि छात्रों के साथ आगे बातचीत की जाएगी.
ये भी पढ़ें: रांची आंदोलन: छात्रों और सरकार के बीच बातचीत का नया दौर, डबल गेम का आरोप लगा रहे प्रोटेस्टर्स
छात्रों को कांग्रेस का समर्थन
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि वह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी जहां भी छात्र मुद्दे उठाएंगे, वहां जाएंगे. उन्होंने कहा, "हमने तय किया है कि अगर कोई मुख्यमंत्री हमारी पार्टी या गठबंधन पार्टी का है, तो हम उन्हें बताएंगे कि चीजों को ठीक करने की जरूरत है. हमारे बच्चों के हित सबसे ऊपर हैं, कौन हमारे साथ खड़ा है और कौन नहीं, यह प्राथमिकता नहीं है."
कांग्रेस चीफ ने कहा, "चाहे वे झारखंड से हों, या प्रयागराज से, या जंतर-मंतर, या बॉम्बे, या कोटा आए लोग, छात्र हमारे लिए समान हैं, वे अहम हैं. राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया है और वह वहां भी जाएंगे."
ये भी पढ़ें: JPSC प्रोटेस्ट: छात्रों से राहुल गांधी ने की वीडियो कॉल पर बात, छात्र बोले- आप भी सरकार में, मांगें मनवाएं