1 day ago
जयपुर:

Rajasthan Mayor Election Result Highlights: राजस्थान निकाय चुनाव के बाद शुक्रवार को जयपुर, जोधपुर और कोटा में हुए मेयर चुनाव में भी भाजपा को जीत हासिल हुई है. तीनों नगर निगमों में भाजपा ने महापौर का चुनाव जीत लिया है. जयपुर और कोटा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत था. लेकिन जोधपुर में कड़ी टक्कर थी, यहां भी भाजपा को जीत मिली है. जोधपुर पूर्व सीएम अशोक गहलोत का गृहजिला है, लेकिन यहां भी कांग्रेस को खाली हाथ रहना पड़ा, जबकि नतीजों में यहां बीजेपी और कांग्रेस में केवल एक पार्षद का अंतर था. जयपुर में सुनील कोठारी, कोटा में अनुसुईया गौस्वामी और जोधपुर में भाजपा के प्रसन्न मेहता मेयर चुने गए हैं. ऐसे में शहर की सरकार में अब राजस्थान के 10 में से 9 नगर निगमों में भाजपा के मेयर होंगे, जबकि केवल बीकानेर में कांग्रेस का मेयर बना है. मेयर चुनाव के लिए वोटिंग सुबह 10 बजे से शुरू हुई. दोपहर 2 बजे तक तीनों सीटों की नतीजे घोषित हुए. 

जयपुर नगर निगम में भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की सुनीता मावर को हराया. जोधपुर में भाजपा से प्रसन्न चंद मेहता ने कांग्रेस के राजेंद्र सिंह सोलंकी को मात दी. जबकि कोटा में भाजपा की अनुसुईया गोस्वामी ने कांग्रेस की सुनीता सुमन को शिकस्त दी है.

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में मेयर के लिए हो रही वोटिंग के पल-पल के अपडेट पढ़ें NDTV के इस लाइव ब्लॉग पर.

Rajasthan Mayor Election 2026 Voting Result Live Updates:  

Sep 25, 2026 14:48 (IST)

जयपुर, जोधपुर, कोटा मेयर चुनाव में बीजेपी की जीत पर सीएम शर्मा ने दी बधाई

जयपुर, जोधपुर, कोटा मेयर चुनाव में जीत के बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने भाजपा पार्षदों, कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी है. उन्होंने सेवा संकल्प कार्यक्रम में कहा कि आप सभी राष्ट्र के लिए काम कर रहे हैं और देश के प्रति समर्पित हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प से जुड़े कार्यक्रम चल रहे हैं. केंद्र और राज्य सरकार की गरीब कल्याण और विकास योजनाओं का जिक्र किया. कहा—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बड़ा परिवर्तन हुआ है. कार्यकर्ताओं और लोगों से सेवा संकल्प के कार्यों से जुड़ने का आह्वान.

जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर समेत सभी संभागों में लगातार विकास का दावा किया. सीएम ने कहा- सरकार ने युवाओं के सपनों को आगे बढ़ाने के लिए काम किया. जनता के बीच किए गए संकल्पों में से 80 प्रतिशत काम चार साल के भीतर पूरा करने का दावा. युवा, किसान और मजदूरों के लिए लगातार काम करने की बात कही. कांग्रेस पर हमला बोलते हुए यह भी कहा कि आने वाले समय में जनता कांग्रेस को भी जवाब देगी.

Sep 25, 2026 14:44 (IST)

Jodhpur Mayor Election Result: जोधपुर में भी भाजपा के मेयर, कांग्रेस को 5 वोटों से हराया

जोधपुर नगर निगम चुनाव में भी भाजपा ने जीत हासिल कर ली है. जोधपुर के नतीजों पर सबकी नजर थी. क्योंकि यह पूर्व सीएम और कांग्रेस के कद्दावर नेता अशोक गहलोत का गृहजिला है. यहां निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के बीच बड़ी टक्कर थी. मेयर चुनाव में भी निर्दलीय किंगमेकर थे. जोधपुर मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रश्नचंद मेहता 53 मत हासिल करने के साथ विजयी घोषित हुए. यहां भाजपा को 53 तो कांग्रेस को 47 मत मिले. 

Sep 25, 2026 14:41 (IST)

Jaipur Mayor Election Result: बीजेपी के सुनील कोठारी जीते, मिले 89 वोट, कांग्रेस को मिले 60 वोट

जयपुर नगर निगम महापौर चुनाव के नतीजे घोषित हो गए है. यहां भाजपा के सुनील कोठारी ने मेयर पद का चुनाव जीत लिया है. भाजपा को 89 मत मिले है.
1 मत नोटा को जबकि 60 मत कांग्रेस को मिले. नव निर्वाचित महापौर सुनील कोठारी को जीत का सर्टिफिकेट दे दिया गया है. मेयर बनने के बाद बोले सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर को स्वच्छ और विकास के आधार पर आगे बढ़ाएंगे. परकोटे के हेरिटेज को संरक्षित करना उद्देश्य रहेगा. भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ विकास करेंगे

Sep 25, 2026 13:59 (IST)

Jaipur Mayor Election 2026 Live Updates: जयपुर मेयर चुनाव के बीच हंगामा, भड़के कांग्रेस विधायक रफीक खान

जयपुर में मेयर चुनाव के बीच कांग्रेस पार्षदों के साथ धरने में शामिल होने पहुंचे विधायक रफीक खान ने कहा, "मुझे गेट पर रोका गया. न सिर्फ मुझे रोका गया, बल्कि मेरे साथ बदतमीज़ी भी की गई. मेरे साथ धक्का-मुक्की हुई. मीडिया और दूसरे लोगों ने भी यह देखा. मेरे साथ ज़बरदस्ती की गई. मैं पूछना चाहता हूं कि मुझे किस हैसियत से रोका गया? यह एक सीधा सा सवाल है: मोहन लाल गुप्ता और रवि नय्यर को किस हैसियत से अंदर जाने दिया गया, जबकि पुलिस ने रफीक खान को गेट पर ही रोक दिया? इसकी क्या वजह है? इसकी जांच होनी चाहिए और दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए..."

Advertisement
Sep 25, 2026 13:24 (IST)

Kota Mayor Election Result 2026: कोटा में BJP की मेयर, कांग्रेस के 4 पार्षदों ने की क्रॉस वोटिंग

कोटा नगर निगम में बीजेपी की अनुसुईया गोस्वामी मेयर पद पर निर्वाचित घोषित कर दी गई है. जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया. अनुसुईया गोस्वामी को 100 में से 65 वोट मिले. जबकि कांग्रेस को मात्र 35 वोट मिले. यहां कांग्रेस के 39 पार्षद है. ऐसे में पार्टी के 4 पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग की. 

 

 

Sep 25, 2026 13:16 (IST)

Kota Mayor Election Result 2026: कोटा में भाजपा को 100 में से मिले 65 वोट

कोटा में भाजपा की अनुसुईया गोस्वामी महापौर निर्वाचित हो चुकी है. उन्हें 100 में से 65 वोट मिले. इस तरह से बीजेपी ने पांचवीं बार कोटा निगम में बनाया बोर्ड और मेयर. अब तक हुए 7 निगम चुनाव में कांग्रेस को 2 बार जीत मिली है.

Advertisement
Sep 25, 2026 12:41 (IST)

Kota Mayor Election Result 2026: कोटा में भाजपा की अनुसुईया गोस्वामी की जीत, कांग्रेस पार्षदों ने भी दिया वोट

कोटा नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी अनुसुईया गोस्वामी ने जीत दर्ज कर ली है. उन्हें कुल 65 वोट मिले. यहां बीजेपी के पास 57 पार्षद हैं. 2 निर्दलीय के समर्थन के बाद यह संख्या 59 हुई. लेकिन अनुसुईया को इससे भी 6 वोट अधिक मिले. इसका मतलब है कि कांग्रेस पार्षदों ने भी कोटा में भाजपा की मेयर प्रत्याशी अनुसुईया गोस्वामी के पक्ष में मतदान किया. मालूम हो कि यहां कांग्रेस से सुनीता सुमन प्रत्याशी थी. कोटा में कांग्रेस के 39 पार्षद हैं.

 

Sep 25, 2026 11:47 (IST)

Rajasthan Mayor Election Result Live Updates: सुकेत नगर पालिका में बीजेपी के जितेंद्र चोपड़ा की जीत

कोटा के सुकेत नगर पालिका में बीजेपी की जीत तय हो गई है. बीजेपी के जितेन्द्र चोपड़ा यहां सभापति बन गए हैं. जितेन्द्र चोपड़ा एक वोट से जीत गए है. जितेंद्र की जीत पर भाजपा पार्षदों में जश्न का दौर शुरू हो गया है.

Sep 25, 2026 11:45 (IST)

Jaipur Mayor Election 2026 Live Updates:जयपुर में भाजपा के पास बहुमत, कांग्रेस फिर भी कर रही जीत का दावा

जयपुर नगर निगम में 150 वार्ड है. हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में यहां से पार्षद चुने गए. इसमें से भाजपा के पास 78 पार्षद हैं. वहीं कांग्रेस के 57 और निर्दलीय 15 पार्षद हैं. मेयर चुनाव में बहुमत के लिए 76 वोट जरूरी हैं. 14 सितंबर को 146 वार्डों के नतीजे आए थे. इसके तीन दिन बाद बाकी 4 वार्डों के नतीजे घोषित हुए. इसके साथ ही भाजपा ने 78 पार्षदों के साथ बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया था.

ऐसे में भाजपा प्रत्याशी सुनील कोठारी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता गुप्ता मावर की नजरें भाजपा में संभावित क्रॉस-वोटिंग पर हैं.

Sep 25, 2026 11:43 (IST)

Rajasthan Mayor Election Result Live Updates: सुकेत में बीजेपी के जितेंद्र चोपड़ा की जीत लगभग तय, वोटिंग हुई पूरी

कोटा जिले के सुकेत नगर पालिका में भाजपा के पार्षद मतदान कर निकल गए हैं. बताया जाता है कि यहां मतगणना पूरी हो गई है. कुछ ही समय में रिजल्ट जारी होगी. सुकेत नगर पालिका में भाजपा का अध्यक्ष बनना लगभग तय है. बीजेपी के जितेन्द्र चोपड़ा सभापति के प्रत्याशी हैं. उनकी जीत लगभग पक्की मानी जा रही है.

Advertisement
Sep 25, 2026 11:40 (IST)

Jaipur Mayor Election 2026 Live Updates: जयपुर में 150 पार्षद करेंगे मतदान, समझें संख्याबल का गणित

जयपुर नगर निगम मेयर चुनाव के लिए लालकोठी मुख्यालय में मतदान जारी है. जयपुर में 150 पार्षद मतदान करेंगे. भाजपा की ओर से सुनील कोठारी महापौर पद के लिए उम्मीदवार हैं. यहां भाजपा के 78 पार्षद है तो कांग्रेस के 57 पार्षद है. जयपुर में निर्दलीय 15 पार्षद हैं.  बताया गया कि जयपुर में सबसे पहले बीजेपी प्रत्याशी सुनील कोठारी ने अपना वोट डाला. इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर ने मतदान किया. मतदान दोपहर 2 बजे तक चलेगा. इसके करीब एक घंटे बाद यानी दोपहर 3 बजे तक चुनाव परिणाम आने की उम्मीद है.

Sep 25, 2026 11:31 (IST)

Jodhpur Mayor Election 2026 Live Updates: जोधपुर में RLP के पार्षद ने मतदान के बाद क्या कहा?

जोधपुर नगर निगम चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से जीते एक मात्र पार्षद राजू भाटी ने वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि महापौर पद के लिए निष्पक्ष तरीके से मतदान हो रहा है. वही किस पार्टी को समर्थन दिया से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हमारा एक ही आलाकमान है है, वो है हनुमान बेनीवाल. 

Advertisement
Sep 25, 2026 11:24 (IST)

Kota Mayor Election 2026 Live Updates: कोटा में मेयर चुनाव के बीच हंगामा

कोटा नगर निगम में मेयर चुनाव के दौरान हंगामे की खबर सामने आई है. यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम, अमित धारीवाल. नईमुद्दीन गुड्डू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नगर निगम में प्रवेश नहीं करने दिया गया. जिसके बाद वोटिंग सेंटर पर कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति दिखी. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप भी लगाया. कांग्रेस पदाधिकारियों को रोकने पर कार्यकर्ताओं ने भी हंगामा किया.

 

Sep 25, 2026 11:12 (IST)

Jodhpur Mayor Election 2026 Live Updates: जोधपुर में भाजपा के साथ 52 तो कांग्रेस के साथ 46 पार्षद पहुंचे सेंटर

जोधपुर नगर निगम के मेयर पदों को लेकर वोटिंग शुरू हो चुकी है. भाजपा और कांग्रेस के पार्षद नगर निगम पहुंच चुके हैं. भाजपा के साथ 52 पार्षद और कांग्रेस के साथ 46 पार्षद पहुंचे. आरएलपी पार्षद सबसे लास्ट में पहुंचा.

Sep 25, 2026 10:57 (IST)

Jodhpur Mayor Election 2026 Live Updates: जोधपुर नगर निगम मेयर चुनाव का गणित

  • जोधपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के पास 45 पार्षद है. जबकि कांग्रेस के पास 44 पार्षद. ऐसे में यहां  एक आरएलपी सहित 11 निर्दलीय मेयर चुनाव का फैसला करेंगे.  
  • भाजपा का दावा है कि उसके पास 7 निर्दलीय पार्षदों का साथ है. ऐसे में पार्टी 52 वोट होने की बात कर रही है. 
  • वहीं कांग्रेस के पास फिलहाल 4 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन है. ऐसे में कांग्रेस का आंकड़ा 48 है. लेकिन कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग की पूरी उम्मीद है.
     
Sep 25, 2026 10:56 (IST)

Jodhpur Mayor Election 2026 Live Updates: कांग्रेस प्रत्याशी बोलें- भरोसा कि पार्षद अंतरआत्मा से करेंगे वोटिंग

जोधपुर नगर निगम में महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी ने वोटिंग से पहले भरोसा जताया कि पार्षद अंतरआत्मा से मतदान करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि निर्दलीय पार्षद हमारे साथ है. सोलंकी पूर्व में राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. वो पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी है. मेयर चुनाव के मतदान से पहले अपने बयान में भी राजेंद्र सोलंकी ने गहलोत के सहयोग और समर्थन से जीत का दावा किया.
 

Sep 25, 2026 10:44 (IST)

Jaipur Mayor Election 2026 Live Updates: कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर पहुंचीं सेंटर, बोलीं- अंतरआत्मा से वोटिंग करेंगे पार्षद

जयपुर नगर निगम से कांग्रेस की प्रत्याशी सुनीता मावर वोटिंग के नगर निगम कार्यालय पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरी उम्मीद है कि सभी पार्षद अंतर आत्मा से मतदान करेंगे. सुबह 10 बजे से जयपुर नगर निगम मुख्यालय पर मेयर के पद के लिए मतदान होगा. भाजपा की ओर से सुनील कोठारी महापौर पद के लिए उम्मीदवार है. भाजपा के 78, कांग्रेस 57 और निर्दलीय 15 पार्षद है.

 

 

Sep 25, 2026 10:40 (IST)

Kota Mayor Election 2026 Live Updates: कोटा मेयर की भाजपा प्रत्याशी बोलीं- हमारी होगी जीत

कोटा नगर निगम चुनाव में बीजेपी की महापौर उम्मीदवार अनुसुईया गोस्वामी ने मतदान से पहले मीडिया से बात करते हुए जीत का बड़ा दावा किया है. अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि माहौल बहुत अच्छा है. हमारे पार्षद भाई पहुंच रहे हैं. थोड़ी देर में सभी पार्षद पहुंच जाएंगे. उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि हमारे पक्ष में 80 फीसदी से अधिक वोटिंग होगी. 

 

 

Sep 25, 2026 10:33 (IST)

Kota Mayor Election 2026 Live Updates: कोटा नगर निगम मेयर चुनाव का गणित समझिए

कोटा नगर निगम में महापौर के लिए मतदान आज हो रहा है. यहां बीजेपी के पास 57 पार्षद हैं. 2 निर्दलीय के समर्थन के बाद यह संख्या 59 हो जाती है. कोटा में भाजपा की ओर से अनुसुईया गोस्वामी महापौर प्रत्याशी है. यहां कांग्रेस से सुनीता सुमन को प्रत्याशी बनाया गया है. कांग्रेस ने कोटा में 39 वार्ड जीते हैं.

दूसरी ओर कोटा जिले के सुकेत नगर पालिका में अध्यक्ष के लिए भी मतदान आज हो रहा है. 25 वार्डों वाली सुकेत पालिका में निर्दलीय मेयर के भाग्य का फैसला करेंगे. क्योंकि यहां बीजेपी के पास 11 तो कांग्रेस के पास 10 पार्षद है. ऐसे में यहां 4 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम रहेगी. सुकेत नगर पालिका में बीजेपी ने जितेंद्र चोपड़ा को सभापति पद का प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस से उमरदीन चौधरी मैदान में हैं.

Sep 25, 2026 10:24 (IST)

Rajasthan Mayor Election 2026: जोधपुर मेयर चुनाव में कांग्रेस से पूर्व मंत्री मैदान में

जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रसन्न चंद मेहता महापौर पद के प्रत्याशी हैं. जबकि कांग्रेस ने यहां हाइब्रिड मॉडल अपनाया है. कांग्रेस से यहां पूर्व मंत्री राजेंद्र सोलंकी को महापौर पद के प्रत्याशी के रूप में उतारा गया है. दोनों ही दलों के पार्षद मतदान करने नगर निगम पहुंच रहे हैं. निर्दलीय पार्षद भी मतदान करने पहुंच रहे हैं. 

जोधपुर में मेयर चुनाव की वोटिंग के लिए कतार में लगे पार्षद.

 

Featured Video Of The Day
Asian Games 2026: भारतीय महिला Kabaddi Team ने जीता Gold Medal, फाइनल में ईरान को हराकर रचा इतिहास
Topics mentioned in this article
Rajasthan Mayor Election
Rajasthan Mayor Election Result
Jaipur Mayor Election
Jodhpur Mayor Election
Kota Mayor Election