जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पार्टी को प्रियंका गांधी ही बेहतर ढंग से चला सकती हैं, न कि राहुल गांधी. उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर खुलकर सवाल खड़े किए.
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा, 'कांग्रेस को सिर्फ प्रियंका गांधी ही चला सकती हैं, वो इंदिरा गांधी जैसी हैं. राहुल गांधी से पार्टी चलने वाली नहीं है. यात्रा करने से, बुलेट पर बैठने से कुछ नहीं होता. नीतीश कुमार जी अलग हो गए, बिहार में कोई और मुख्यमंत्री बन गया. राहुल गांधी का मकसद क्या है?'
राहुल के बयान पर तेज प्रताप ने घेरा
तेज प्रताप यादव का यह बयान राहुल गांधी द्वारा नीतीश कुमार को ‘समझौता किया हुआ नेता' बताए जाने की प्रतिक्रिया में आया है. हाल ही में जद(यू) प्रमुख नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद बीजेपी के सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं.
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी के झालमुड़ी वीडियो में ऐसा क्या था जो अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा
राहुल के नेतृत्व पर कई बार उठे सवाल
यह पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठे हों. इससे पहले इस साल जनवरी में कांग्रेस के पूर्व नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद ने भी पार्टी के भीतर आंतरिक लोकतंत्र की कमी का आरोप लगाया था. उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस में फैसले सिर्फ राहुल गांधी की मर्जी से होते हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हाशिये पर डाला जा रहा है.
शकील अहमद ने ANI से कहा था, 'कांग्रेस में कई ऐसे नेता हैं जो राहुल गांधी के राजनीति में आने से पहले से सक्रिय हैं. राहुल गांधी उन नेताओं के साथ बैठने में सहज नहीं हैं, जो उन्हें अपना बॉस नहीं मानते.' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने नेहरू‑गांधी परिवार से होने के कारण खुद को श्रेष्ठ मानते हैं और यूथ कांग्रेस व NSUI के जरिए वरिष्ठ नेताओं को बाहर करने की कोशिश कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- श्रीलंका में चीन को साधने के लिए भारत का नया दांव, जानें क्या है वो मास्टरस्ट्रोक
तेज प्रताप यादव और शकील अहमद जैसे नेताओं के बयानों से कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रही असहजता एक बार फिर सामने आ गई है. वहीं, प्रियंका गांधी को कांग्रेस की कमान देने की मांग अब बाहरी राजनीतिक दलों के नेताओं तक से सुनाई देने लगी है, जिससे पार्टी की आंतरिक चुनौतियां और गहरी होती दिख रही हैं.













