- PM मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया जो प्रदेश की कनेक्टिविटी में सुधार लाएगा.
- गंगा एक्सप्रेसवे से लोग प्रयागराज संगम और काशी तक कुछ घंटों में पहुंच सकेंगे.
- गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास शाहजहांपुर में हुआ था और इसका विस्तार जल्द मेरठ से हरिद्वार तक किया जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से अब लोग कुछ ही घंटों में प्रयागराज संगम तक पहुंच सकेंगे और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उसी दिन वापस आना भी संभव होगा. प्रधानमंत्री ने इसे प्रदेश की कनेक्टिविटी और विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया.
पीएम मोदी ने कहा, 'जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी की और इस देश की जीवन रेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके पास से गुजरता यह एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा.'
'चार दिन गंगा के सानिध्य में रहा'
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि बीते चार‑पांच दिनों से वह लगातार मां गंगा के सानिध्य में रहे हैं. उन्होंने कहा, '24 अप्रैल को मैं बंगाल में था, तब मां गंगा के दर्शन किए. कल काशी में था और आज सुबह बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा के दर्शन का सौभाग्य मिला. आज मां गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेसवे के लोकार्पण का अवसर भी प्राप्त हुआ.'
यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे: सिर्फ एक सड़क नहीं... आस्था, न्याय और वाणिज्य का त्रिवेणी संगम
बंगाल में बंपर वोटिंग पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आज के दिन को लोकतंत्र के उत्सव का एक अहम दिन बताते हुए पश्चिम बंगाल में जारी दूसरे चरण के मतदान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जो खबरें सामने आ रही हैं, उनसे साफ है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है. पहले चरण की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर वोट डालने पहुंच रहे हैं और मतदान केंद्रों पर लंबी‑लंबी कतारें देखी जा रही हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले छह‑सात दशकों में जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसा निर्भीक माहौल इस बार बंगाल में देखने को मिल रहा है. उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता की सक्रिय भागीदारी को देश के लिए एक सकारात्मक संकेत बताया.
'भयमुक्त मतदान लोकतंत्र की ताकत, 5 राज्यों में रचेगा इतिहास'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि लोग भयमुक्त होकर बड़ी संख्या में वोट दे रहे हैं और यही देश के संविधान तथा मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है. उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वहां के लोग अपने अधिकारों के प्रति बेहद सजग हैं और बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी वोटिंग खत्म होने में कई घंटे बाकी हैं और वह बंगाल की जनता से आग्रह करते हैं कि लोकतंत्र के इस पर्व में इसी उत्साह के साथ भाग लेते रहें.
यह भी पढ़ें- Google Maps पर अभी क्यों नहीं दिख रहा गंगा एक्सप्रेसवे? जानिए वजह
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल के चुनावी नतीजे लोकतंत्र में जनता के बढ़ते भरोसे को दिखाते हैं. उन्होंने याद दिलाया कि कुछ समय पहले बिहार में हुए चुनावों में बीजेपी‑एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज कर इतिहास रचा था. इसके अलावा गुजरात में आए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महानगरपालिका, नगरपालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत और तहसील पंचायत के चुनावों में बीजेपी ने 80‑85 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल की है, जो जनता के भरोसे का बड़ा प्रमाण है.
प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि पांच राज्यों के चुनावों में भी इतिहास बनेगा और 4 मई को आने वाले नतीजे ‘विकसित भारत' के संकल्प को और मजबूत करेंगे. उन्होंने कहा कि इन नतीजों से देश के विकास की गति को नई ऊर्जा मिलेगी. इसके लिए तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया.
यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं, ये यूपी वालों की किस्मत बदल सकता है
शाहजहांपुर से हुआ था शिलान्यास
गंगा एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिसंबर 2021 में उन्होंने शाहजहांपुर में इसका शिलान्यास किया था और पांच साल से भी कम समय में यह देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे में शुमार होकर तैयार हो गया. उन्होंने कहा कि आज हरदोई से इसका लोकार्पण हुआ है और इसके साथ ही इसके विस्तार की योजनाओं पर भी काम शुरू हो गया है. जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा और इसके बेहतर उपयोग के लिए फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए इसे अन्य मार्गों से जोड़ा जाएगा.
यही है डबल इंजन सरकार के काम करने का तरीका- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि तेज, सुरक्षित और आधुनिक इंफ्रा विकास ही देश को अगले स्तर पर ले जाने का आधार है और यही ‘डबल इंजन सरकार' के काम करने का तरीका भी है.













