TMC के पापों का घड़ा भर चुका है... कूच बिहार में ममता सरकार पर जमकर बरसे PM मोदी

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी ने ममता बनर्जी सरकार की कड़ी आलोचना की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी ने कूचबिहार में रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कुशासन के कारण TMC के अत्याचार का घड़ा भर चुका है और अब इसका अंत करीब है. उन्होंने राज्य में महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों, विशेषकर संदेशखाली की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि केवल भाजपा ही महिलाओं के सम्मान की रक्षा कर सकती है.

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कुछ दिन पहले राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से मैंने बंगाल में परिवर्तन महाअभियान की शुरुआत की थी. ब्रिगेड ग्राउंड की वो ऐतिहासिक तस्वीरें, जनसैलाब और वो उत्साह, जनता का जूनून, तब से पूरे टीएमसी सिंडिकेट घबराया हुआ है. आज मैं देख रहा हूं ब्रिगेड ग्राउंड में जो बिगुल बजा, कूच बिहार ने उस पर मुहर लगा दी है.

टीएमसी पर साधा निशाना

बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा, 'एक ओर टीएमसी का भय है, और  इसका मुकाबला करने के लिए आपके  पास भाजपा का भरोसा है. एक ओर टीएमसी के कटमनी और करप्शन का भय है, दूसरी ओर विकास को  तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है. एक ओर घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का भय है, दूसरी ओर घुसपैठ रोककर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर करने का भाजपा का भरोसा है. एक ओर संदेश खाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है, दूसरी ओर नारीशक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है.'

उन्होंने कहा, 'मैं आपको भरोसा देता हूं  कि इस बार चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा. चुन-चुन कर हिसाब किया जाएगा. 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा. चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो... इस बार न्याय होकर रहेगा. यहां की निर्मम सरकार बंगाल की इस पावन माटी पर हर रोज लोकतंत्र को लहुलूहान कर रही है. ये निर्मम सरकार अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती. दो-तीन पहले पूरे देश ने देखा है कि कैसे मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया. हमारा बंगाल शक्ति पूजा की धरती है. मैं यहां आए सभी बहनों-बेटियों को, बंगाल की हर बहन-बेटियों से कहूंगा कि बीजेपी आपके सम्मान और आपकी समृद्धि के लिए मैदान में है.'

पीएम ने कहा, 'बीजेपी सरकार आएगी तो महिलाओं के सच्चे सशक्तिकरण का रास्ता खोलेगी और ये हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है. देश की 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया. लेकिन ये बहुत आवश्यक है कि देश के लिए होने वाले फैसलों में भी महिलाओं की भूमिका और अधिक बढ़े. इसलिए हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत रिजर्वेशन देने का कानून बनाया. पश्चिम बंगाल सहित देशभर की बहनों को 2029 के लोकसभा चुनाव से ही इसका फायदा मिले,अब ये सुनिश्चित करने का प्रयास है.'

Advertisement

यह भी पढ़ें: महिला आरक्षण से पहले क्यों कर रहे जनगणना की मांग? अखिलेश यादव ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए बताया

Featured Video Of The Day
Iran War: Trump का बड़ा दावा, Strait of Hormuz खोलने की बात, Iran को Stone Age में भेजने की चेतावनी