- बारामती एयरफील्ड पर VSR वेंचर्स का लियरजेट‑45 विमान क्रैश हुआ, जिसमें अजित पवार सहित सभी पांच की मौत हो गई.
- VSR वेंचर्स को 2014 में संचालन परमिट मिला था, जो अप्रैल 2028 तक वैध है और कंपनी के पास 17 विमान हैं.
- दुर्घटनाग्रस्त विमान का निर्माण 2010 में हुआ था और सभी प्रमाणपत्र तथा सुरक्षा ऑडिट वैध और अपडेट थे.
महाराष्ट्र की राजनीति और भारत की एविएशन सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक बड़ी दुर्घटना आज सामने आई है. बारामती एयरफील्ड पर बुधवार सुबह VSR वेंचर्स का एक लियरजेट‑45 विमान क्रैश हो गया, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत सभी पांच लोगों की मौत हो गई. कम विजिबिलिटी और लगातार दो असफल अप्रोच के बाद महज चंद सेकंड में हादसा हो गया. अब हादसे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो के हाथ में है, जबकि घटनास्थल पर पहुंचकर टीमें मलबे से सुराग जुटा रही हैं. इधर, अजित पवार का पार्थिव शरीर आज पैतृक गांव काटेवाड़ी लाया जा रहा है. अंतिम दर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंच सकते हैं.
कंपनी और परमिट का रिकॉर्ड
VSR वेंचर्स एक नॉन‑शेड्यूल्ड ऑपरेटर है. कंपनी को संचालन परमिट 2014 में जारी हुआ था. परमिट आखिरी बार 3 अप्रैल 2023 को नवीनीकृत हुआ था, जिसकी वैधता 20 अप्रैल 2028 तक है.
कंपनी के पास कुल 17 विमान हैं-
- 7 लियरजेट‑45
- 5 एम्ब्रेयर 135BJ
- 4 किंग एयर B200
- 1 पिलाटस PC‑12
DGCA ने फरवरी 2025 में कंपनी का अंतिम सुरक्षा ऑडिट किया था, जिसमें कोई गंभीर कमी नहीं पाई गई थी.
इसके अलावा कंपनी का एक अन्य लियरजेट‑45 विमान सितंबर 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. उस मामले की जांच अभी जारी है.
दुर्घटनाग्रस्त विमान का तकनीकी इतिहास
- दुर्घटनाग्रस्त लियरजेट‑45 का निर्माण 2010 में हुआ था.
- इसके सभी उड़ान एवं एयरवर्दीनेस प्रमाणपत्र वैध थे.
- हाल ही में Aircraft की जांच और समीक्षा भी की गई थी.
क्रू के पास पर्याप्त अनुभव
- कैप्टन के पास 15,000 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव
- को‑पायलट के पास लगभग 1,500 घंटे का अनुभव
- दोनों क्रू के मेडिकल और लाइसेंस वैध
- बारामती एयरफील्ड की स्थिति और मौसम
बारामती एक अनियंत्रित (Uncontrolled) एयरफील्ड है. यहां स्थानीय फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल के पायलट ट्रैफिक सूचना देते हैं. विमान ने सुबह 8:18 बजे बारामती से पहला संपर्क किया. मौसम दृश्य उड़ान (VFR) के लिए अनुमति योग्य था, लेकिन दृश्यता लगभग 3000 मीटर बताई गई.
लैंडिंग की कोशिश और हादसे की टाइमलाइन
विमान ने पहली बार रनवे 11 पर उतरने की कोशिश की, लेकिन रनवे दिखाई नहीं दिया, इसलिए गो-अराउंड किया.
दूसरी कोशिश में भी रनवे साफ नजर नहीं आया.
थोड़ी देर बाद पायलट ने सूचना दी कि रनवे नजर आ गया है.
8:43 बजे लैंडिंग की अनुमति दी गई, लेकिन पायलट की ओर से कोई जवाब नहीं मिला.
8:44 बजे रनवे के पास आग की लपटें देखी गईं.
आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं.
विमान का मलबा रनवे 11 के बाईं ओर पाया गया.
हादसे की जांच में जुटी एजेंसियां
दुर्घटना की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) कर रहा है. AAIB के महानिदेशक दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं.














