पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस कल तक अपने भतीजा चिराग पासवान को जल्लाद तक कहने से गुरेज नहीं करते थे, लेकिन चिराग पासवान का उनका पैर छूकर प्रणाम करने के बाद से उनका तेवर नरम पड़ता दिख रहा है. पशुपति कुमार पारस ने मंगलवार (24 मार्च) को खगड़िया में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि खून का रिश्ता कभी खत्म नहीं होता है.
"राजनीतिक रिश्ता अलग होता है"
उन्होंने कहा, "राजनीतिक रिश्ता अलग होता है, लेकिन चाचा और भतीजा का रिश्ता कभी खत्म नहीं किया जा सकता है. मैं उसका चाचा हूं और वह मेरा भतीजा है." पशुपति कुमार पारस से जब पूछा गया कि क्या आप चिराग के साथ जाएंगे. तब पशुपति कुमार पारस ने कहा कि राजनीति में कल क्या होगा, यह किसने देखा है?
बड़ी मां ने गले लगाया तो फफक पड़े चिराग
दरअसल चिराग पासवान सोमवार (23 मार्च) को अपने पैतृक गांव खगड़िया के शहरबन्नी अपने दिवंगत चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. चिराग पासवान सबसे पहले अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी के पास पहुंचे. जैसे ही चिराग ने उनके पैर छुए, बड़ी मां ने उन्हें गले लगा लिया, और चिराग की आंखों से आंसू छलक पड़े. काफी देर तक चिराग अपनी बड़ी मां के गले लगकर रोते रहे, जिसके बाद उन्होंने बड़ी मां का हाल-चाल पूछा.
मेरे पापा के चचेरे भाई स्व. अर्जुन पासवान जी के निधन उपरांत आज अपने पैतृक गांव खगड़िया के शहरबन्नी पहुंच उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। pic.twitter.com/4Bw6UU7PJt
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) March 23, 2026
चिराग ने चाचा पशुपति के पैर छुए
इसी दौरान चिराग ने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस का पैर छूकर प्रणाम किया. जिस पर पशुपति कुमार पारस भी अपनी कुर्सी से उठकर चिराग के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया था. इसके बाद दोनों के बीच करीब 5 मिनट तक एकांत में बातचीत भी हुई. हालांकि, बंद कमरे की बातचीत बाहर नहीं आई, लेकिन दोनों के चेहरे के भाव बता रहे थे कि रिश्तों की बर्फ पिघल चुकी है.
प्रिंस राज को लगाया गले, लगे नारे
पारिवारिक एकजुटता का सिलसिला यहीं नहीं थमा. चिराग पासवान ने अपने छोटे भाई और पूर्व सांसद प्रिंस राज से भी मुलाकात की. दोनों भाई एक-दूसरे के गले लगे और काफी देर तक साथ दिखे. इस दौरान वहां मौजूद समर्थकों का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने चिराग-प्रिंस के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की.
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार बनें देश के डिप्टी PM...लालू यादव की बेटी मीसा भारती का चौंकाने वाला बयान














