- लोकसभा में राहुल गांधी और रवनीत सिंह बिट्टू के बीच विवाद के बाद दोनों नेता मकर द्वार पर एक बार फिर नजर आए.
- राहुल गांधी और रवनीत सिंह बिट्टू एक ही फ्रेम में नजर आए. दोनों ही नेताओं ने हरे रंग के कपड़े पहन रखे थे.
- रवनीत सिंह बिट्टू ने इस संयोग पर कहा कि बीजेपी के लिए हरा भरा है, उनके लिए सब सूखा है.
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और सरकार के मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू गुरुवार को फिर आमने सामने आए. विवाद के बाद आज राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू दोनों मकर द्वार पर दिखे. दिलचस्प बात यह रही कि दोनों ने हरे रंग के कपड़े पहने हुए थे. इस संयोग पर बिट्टू ने कांग्रेस पर तंज कसा. राहुल गांधी ने एक दिन पहले रवनीत बिट्टू को गद्दार कह दिया था और फिर उसके बाद उनसे हाथ मिलाने की कोशिश की थी. हालांकि रवनीत बिट्टू ने उनसे हाथ नहीं मिलाया और उन्हें देश का दुश्मन बताया था. संसद परिसर में यार गद्दार का ये मामला खूब गरमाया था और बीजेपी ने इसे सिखों का अपमान बताया था.
संसद परिसर में गुरुवार को राहुल गांधी और रवनीत सिंह बिट्टू एक ही फ्रेम में नजर आए. दोनों ही नेताओं ने हरे रंग के कपड़े पहन रखे थे.
बीजेपी के लिए हरा भरा है, उनके लिए सब सूखा है: राहुल गांधी
जहां राहुल गांधी गहरे हरे रंग के स्वेटर में दिखे तो बिट्टू की पगड़ी और जैकेट हल्के हरे रंग की थी. इस संयोग पर बिट्टू ने कहा कि बीजेपी के लिए हरा भरा है, उनके लिए सब सूखा है.
ये था मामला
बता दें कि गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक टिप्पणी को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया था. संसद परिसर में राहुल गांधी निलंबित सांसदों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे. तभी रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजरे तो उन्हें देखकर राहुल ने 'गद्दार दोस्त' कहा. राहुल ने कहा- 'नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त, चिंता मत करो तुम वापस आ जाओगे.' राहुल ने उनसे हाथ मिलाने की भी कोशिश की लेकिन बिट्टू ने हाथ नहीं मिलाया.














