20 days ago

आज का दिन राजनीति, संसद और राष्ट्रीय‑अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के लिहाज से बेहद अहम है. संसद के बजट सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में CAPF विधेयक पेश करेंगे, जिस पर विपक्ष के तीखे सवाल पहले ही खड़े हो चुके हैं. उधर, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज़ है. भवानीपुर में हाई‑प्रोफाइल मुकाबले के बीच अमित शाह का सुवेंदु अधिकारी के नामांकन में शामिल होना सियासी संकेत दे रहा है.

इस बीच, मिडिल ईस्ट जंग के असर को देखते हुए केंद्र सरकार ने पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर बड़ी सीमा शुल्क छूट का ऐलान किया है, जिससे कई उद्योगों को राहत मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा देशभर में आज हनुमान जयंती भी मनाई जा रही है. 

दिनभर की हर बड़ी खबर, अपडेट और राजनीतिक हलचल के लिए बने रहिए हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में...
 

Apr 02, 2026 22:33 (IST)

मालदा केस में 19 लोग गिरफ्तार

मालदा हिंसा मामले में पुलिस ने 10 FIR दर्ज की हैं और आज 19 लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी मामलों का विवरण और आरोपियों को NIA को सौंपा जाएगा.

Apr 02, 2026 20:18 (IST)

PM मोदी केरल में 4 अप्रैल को करेंगे दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NDA के विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान के तहत 4 अप्रैल को केरल का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री तिरुवल्ला में एक जनसभा में शामिल होंगे और तिरुवनंतपुरम में एक रोड शो में हिस्सा लेंगे. मोदी दोपहर करीब 3 बजे कोट्टायम जिले के चंगनाशेरी स्थित NSS कॉलेज मैदान पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से पतनमतिट्टा जिले के तिरुवल्ला जाएंगे. वहां वह पब्लिक स्टेडियम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें पार्टी नेताओं और आस-पास के निर्वाचन क्षेत्रों से NDA उम्मीदवारों के मौजूद रहने की उम्मीद है.

बाद में दिन में, प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे और किलिलपलम जंक्शन से करमना तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की उम्मीद है.

Apr 02, 2026 20:06 (IST)

चुनाव आयोग ने बंगाल में SIR की 7वीं सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी की

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने SIR की 7वीं सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी की है. अधिकारियों ने बताया कि चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट के चल रहे SIR प्रोसेस के तहत अब तक करीब 49.63 लाख वोटर रिकॉर्ड प्रोसेस किए हैं. सातवीं सप्लीमेंट्री लिस्ट बुधवार रात को जारी की गई, हालांकि इसमें से कितने नाम हटाए गए, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है. यह अपडेट उसी दिन आया, जिस दिन सुप्रीम कोर्ट ने SIR प्रोसेस से जुड़े मामलों की सुनवाई की. अधिकारियों ने बताया कि इस काम का एक बड़ा हिस्सा पहले ही पूरा हो चुका है.

Apr 02, 2026 19:59 (IST)

दिल्ली में इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल

राजधानी दिल्ली के 13 जगहों पर आज मॉक ड्रिल होगी. यह मॉक ड्रिल रात 8 बजे होगी. आपात स्थिति से निपटने की तैयारियो को लेकर सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन कर रही है. दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और डीडीएमए इसमें शामिल होंगे.

Advertisement
Apr 02, 2026 14:56 (IST)

राघव चड्ढा को संसद में बोलने का समय नहीं दिया जाना चाहिए- AAP का सचिवालय को नोटिस

आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित किया है कि सांसद राघव चड्ढा को संसद में बोलने का समय नहीं दिया जाना चाहिए. इसके अलावा, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर सांसद राघव चड्ढा के स्थान पर सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त करने का अनुरोध किया है.

Apr 02, 2026 14:00 (IST)

TMC को उखाड़कर बंगाल की खाड़ी में फेंक दें- अमित शाह का तीखा हमला

कोलकाता में चुनावी माहौल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर के मतदान करें और राज्य से TMC को सत्ता से बाहर कर दें. शाह ने कहा, 'इस बार कोई डरने की जरूरत नहीं है. बंगाल के मतदाताओं को कोई गुंडा नहीं रोक सकता. सभी लोग निडर होकर वोट करें और TMC को उखाड़कर बंगाल की खाड़ी में फेंक दें.'

Advertisement
Apr 02, 2026 13:39 (IST)

इस सरकार को बदलो और ममता को अलविदा कहो- अमित शाह ने साधा निशाना

ममता बनर्जी और बंगाल चुनाव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'बंगाल के हर कोने से एक आवाज उठ रही है कि इस सरकार को बदलो और ममता को अलविदा कहो.'

Apr 02, 2026 12:39 (IST)

ममता बनर्जी का बड़ा बयान: कानून-व्यवस्था और प्रशासन मेरे हाथ में नहीं, चुनाव आयोग चला रहा है राज्य

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासन को लेकर बड़ा बयान देकर सियासी हलचल बढ़ा दी है. ममता बनर्जी ने कहा है कि इस समय राज्य में न तो कानून-व्यवस्था उनके हाथ में है और न ही प्रशासनिक नियंत्रण उनके पास है. उनके मुताबिक, चुनाव आयोग इस वक्त राज्य की पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहा है.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साफ कहा कि चुनाव आयोग हर चीज मॉनिटर कर रहा है और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कई अधिकारियों को बदला जा चुका है, जिससे प्रशासनिक तालमेल पूरी तरह प्रभावित हुआ है.

Apr 02, 2026 11:33 (IST)

मालदा में SIR ड्यूटी के दौरान न्यायिक अधिकारियों के घेराव पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में SIR ड्यूटी पर तैनात न्यायिक अधिकारियों के घेराव और कथित हमले के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ममता बनर्जी सरकार पर कड़ी नाराज़गी जताई है. मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत ने इसे एक “योजनाबद्ध और प्रेरित कदम” करार दिया.

CJI ने कहा कि आधी रात के बाद जब न्यायिक अधिकारी मौके से लौट रहे थे, उसी दौरान उन पर हमला हुआ. यह सब तब हुआ, जब बार‑बार शीर्ष राज्य अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी गई थी, इसके बावजूद न्यायिक अधिकारियों को कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई.

Apr 02, 2026 10:00 (IST)

लोकसभा में आज CAPF बिल पेश करेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को लोकसभा में Central Armed Police Forces (General Administration) Bill, 2026 पेश करेंगे. यह विधेयक बुधवार को राज्यसभा में विपक्ष के वॉकआउट के बीच पारित हुआ था. बिल में CAPF में IG स्तर पर 50%, ADG स्तर पर कम से कम 67% और SDG व DG स्तर के सभी पदों पर प्रतिनियुक्ति (Deputation) का प्रावधान किया गया है. विपक्ष का आरोप है कि यह 2025 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ है, जिसमें प्रतिनियुक्ति वाले पदों को धीरे‑धीरे कम करने की बात कही गई थी. कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने बिल के समय पर भी सवाल उठाए हैं.

इसी के साथ अमित शाह आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 भी पेश करेंगे, जिसमें अमरावती को राज्य की एकमात्र राजधानी के रूप में मान्यता दी जाएगी. इसके अलावा दोनों सदनों में स्थायी समितियों की रिपोर्ट और CAG की रिपोर्टें भी पेश होंगी.

Featured Video Of The Day
Kanpur News: Temple में Husband को चकमा देकर Lover संग Eloped हुई New Bride, 7 Lakhs की चोरी