आतंकवाद पर सवाल से बचते दिखे पाकिस्तानी मंत्री, बोले- द्विपक्षीय नहीं, बहुपक्षीय मुद्दों पर करें बात

पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने नई दिल्ली में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच के दौरान सीमा पार आतंकवाद पर पूछे गए सवाल का सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि यह मंच बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए है, इसलिए फिलहाल उसी पर बात होनी चाहिए.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फाइल फोटो
NDTV

भारत में सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि इस मंच पर द्विपक्षीय नहीं, बल्कि बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी बातचीत की जाएगी, लेकिन फिलहाल एससीओ मंच पर बहुपक्षीय मामलों पर चर्चा होनी चाहिए.

नई दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद मंच से इतर IANS से खास बातचीत के दौरान पाकिस्तानी मंत्री से सीमा पार आतंकवाद को लेकर सवाल पूछा गया था. इस पर उन्होंने कहा, "हम इस बारे में बात करेंगे. अभी सबसे पहली बात यह है कि यह मंच खुद बहुपक्षीय है. इसलिए आपको बहुपक्षीय मामलों पर बात करनी चाहिए. आज आपने जो कहा, उसमें भी आपने किसी द्विपक्षीय मुद्दे का उल्लेख नहीं किया. यहां होने वाली सभी चर्चाएं बहुपक्षीय हैं और हम भी यहां बहुपक्षीय बातचीत करने आए हैं. इसलिए आपको भी हमसे बहुपक्षीय मुद्दों पर बात करनी चाहिए. कल या परसों, जब हम बातचीत करेंगे."

भू-राजनीतिक परिस्थितियां भी तेजी से बदल रही हैं

इससे पहले मुसादिक मसूद मलिक ने एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का स्वागत करते हुए कहा था कि यह आयोजन क्षेत्र के सभी देशों को एक साथ आने और सीमाओं से परे विचारों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करता है. उन्होंने कहा कि विभिन्न सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच संवाद होना अच्छी बात है और ऐसे आयोजनों की संख्या बढ़नी चाहिए. पूरा क्षेत्र इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है और भू-राजनीतिक परिस्थितियां भी तेजी से बदल रही हैं. ऐसे में उन मुद्दों पर बातचीत करना जरूरी है, जो सभी देशों को प्रभावित करते हैं.

पाकिस्तानी मंत्री ने विभिन्न संस्कृतियों और सभ्यताओं के प्रभावों पर चर्चा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा था कि यह एक स्वागत योग्य पहल है. उन्होंने एससीओ का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे मंच क्षेत्र के देशों को एक साथ आने और सीमाओं से परे विचारों पर चर्चा करने का अवसर देते हैं. भारत और पाकिस्तान के साथ-साथ रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए मलिक ने कहा था कि इन सभ्यताओं के बीच पुराने समय से जुड़ाव रहा है. पुरातात्विक उत्खनन स्थलों पर भी इनके बीच संवाद और संपर्क के प्रमाण मिल सकते हैं.

Advertisement

बिलावल भुट्टो के बाद भारत आने वाले पहले पाक मंत्री

बता दें कि मुसादिक मसूद मलिक की यह यात्रा 2023 में गोवा में आयोजित एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है. उस बैठक में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो शामिल हुए थे. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को जानकारी दी थी कि सरकार ने नई दिल्ली में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है.

पहला एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के पुराना किला में आयोजित किया जा रहा है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस मंच का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और एक-दूसरे से जुड़ी सभ्यतागत विरासत का उत्सव मनाना, लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना तथा विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम इस पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया. इस मंच में एससीओ के सभी सदस्य देशों, संवाद साझेदारों और एक पर्यवेक्षक देश को आमंत्रित किया गया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'ऐसे बेबुनियाद मामले हम खारिज करते हैं', अजित डोभाल को अमेरिकी कोर्ट के समन पर बोला भारत

Featured Video Of The Day
Cyclone Akwan Alert : समंदर में उठी तेज लहरें, कहां-कहां टकराएगा तूफान अकवान?

Topics mentioned in this article
Pakistan
SCO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं